जनपद में 21 नवम्बर से चार दिसम्बर तक दो चरणों में मनाया जा रहा पुरुष नसबंदी पखवाड़ा
नियत सेवा दिवसों पर महिला नसबंदी की भी सुविधा मौजूद
परिवार नियोजन के साधनों का प्रदर्शन एवं वितरण जौनपुर, 23 नवम्बर 2022 । जनपद में 21 नवंबर से शुरू हो रहे पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को जिला पुरुष चिकित्सालय में पहली पुरुष नसबंदी हुई । यह नसबंदी सर्जन डॉ सैफ खान ने की । ऐसे ही प्रत्येक दिन जिला पुरुष चिकित्सालय में पुरुष नसबंदी तथा अन्य स्वास्थ्य इकाइयों पर परिवार नियोजन के अन्य साधनों का प्रदर्शन एवं वितरण किया जा रहा है । नियत सेवा दिवसों पर महिला नसबंदी की भी सुविधा उपलब्ध है । मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष अब तक जनपद में 32 पुरुष और 2,440 महिला नसबंदी की सेवा दी जा चुकी हैं । सबसे ज्यादा 11 पुरुष नसबंदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी जबकि सीएचसी सिकरारा में 10 पुरुष नसबंदी हुई हैं । वर्ष 2019-20 में जनपद में 8,454 महिला नसबंदी तथा 43 पुरुष नसबंदी हुई । वर्ष 2020-21 में 11,636 महिला और 77 पुरुष नसबंदी हुई । वर्ष 2021-22 में 10,273 महिला तथा 78 पुरुष नसबंदी हुई । उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत 21 नवम्बर से चार दिसम्बर तक जनपद में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है । इस संबंध में सीएमओ ने जिला महिला और जिला पुरुष चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) के चिकित्सा अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी को पत्र जारी किया है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ राजीव कुमार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-उत्तर प्रदेश के मिशन निदेशक से मिले पत्र के क्रम बताया कि पुरुषों की सहभागिता बढ़ाने के लिए पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है । इस दौरान नियमित सेवाओं के माध्यम से लाभार्थियों को पुरुष नसबंदी की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी । इस बार के पुरुष नसबंदी पखवाड़ा की थीम “अब पुरुष निभाएंगे जिम्मेदारी, परिवार नियोजन अपनाकर दिखाएंगे अपनी भागीदारी” है । पहला चरण मोबिलाइजेशन फेज होगा जो 21 से 27 नवम्बर तक चलेगा । दूसरा चरण सेवा प्रदायगी फेज होगा जो 28 नवम्बर से चार दिसम्बर तक चलेगा । इस दौरान राज्य सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार समयबद्ध गतिविधियों का संचालन होगा । उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी पखवाड़ा की थीम का उद्देश्य पुरुषों को जागरूक करने के साथ -साथ पुरुषों की भागीदारी बढ़ाते हुए परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति प्रदान देना है । पखवाड़ा के दौरान आमलोगों के संवेदीकरण के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक प्रचार -प्रसार किया जाएगा । राज्य सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार ब्लाक और जिला स्तर पर पुरुष नसबंदी पखवाड़ा दो चरणों में मनाया जाएगा । सभी अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारियों (एमओआईसी) को निर्देशित किया गया है कि पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के लिए आवंटित धनराशि से पखवाड़ा से संबंधित पोस्टर, बैनर, बुलावा पर्ची, दीवार लेखन तथा अन्य प्रचार -प्रसार सामाग्री का प्रदर्शन प्रमुख रणनीतिक स्थलों पर करें । उन्हें निर्देशित किया गया है कि उनके अधीनस्थ कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (एचईओ), ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम), ब्लाक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (बीसीपीएम), एएनएम, बीएचडब्ल्यू एवं संगिनी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रति ब्लाक 10 पुरुष नसबंदी, अधिकतम महिला नसबंदी तथा अन्य साधनों की चिह्नित इच्छुक दम्पति को सेवा उपलब्ध कराना है ।