पिता सहित परिजनों के जानमाल की सुरक्षा की लगाई गुहार

पिता को अपरहण कर जबरन जमीन दान करने का पुत्र ने लगाया आरोप
पुत्र ने सुरेरी थाने पर दी लिखित तहरीर
जौनपुर
सुरेरी- स्थानीय थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी जितेंद्र उपाध्याय ने बुधवार की दोपहर सुरेरी थाने पर लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि क्षेत्र के कुछ मनबढ़ किस्म के लोग उनके पिता को अगवा कर डरा धमका कर उनके नाम की जमीन खुद के नाम दान करा लिया। भोपाल में रह रहे जितेंद्र को जब इसकी सूचना मिली तो वह घर पहुंच कर इसकी लिखित शिकायत सुरेरी थाने पर की, वहीं पुलिस तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार जितेंद्र रोजी रोटी के सिलसिले में भोपाल में रहता है, बीते कुछ दिन पूर्व जितेंद्र के चाचा राघवेंद्र पुत्र रामप्रसाद व पूनम पत्नी राघवेंद्र, मनभावती पत्नी रामप्रसाद अपने सहयोगी जगदीशपुर गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र तीर्थराज व भदोही जनपद के चौरी थाना अंतर्गत सवरपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा पुत्र श्रीनाथ के साथ मिलकर हनुमान प्रसाद का अपहरण कर उन्हें भयभीत कर उनके नाम की जमीन को अपने नाम दान करा लिया। यह जानकारी जब भोपाल में रह रहे जितेंद्र को हुई तो जितेंद्र घर पहुंच कर बुधवार की दोपहर में लिखित सूचना सुरेरी थाने पर दी। जितेंद्र का आरोप है कि उक्त लोग हमारे पिता हनुमान प्रसाद को कोई कार्यवाही न करने व किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। वही इस संदर्भ में थानाध्यक्ष सुरेरी रमेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
