February 21, 2026

बच्चों के टीकाकरण में सहयोग के लिए 50 प्रभावशाली व्यक्ति सम्मानित

Share


जिलाधिकारी, सीडीओ और सीएमओ के हाथों मिला प्रशस्ति पत्र
सम्मिलित प्रयास से हुआ पोलियो का उन्मूलन, ऐसे ही दूर होंगी सभी चुनौतियां : डीएम
जौनपुर, 17 नवम्बर 2022 । नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक सहयोगियों और प्रभावशाली व्यक्तियों के लिए गुरुवार को जनपद स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें भ्रांति आदि के कारण नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों के अभिभावकों को समझाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने में सहयोग देने वाले 50 प्रभावशाली व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

      यह सम्मान जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) साईं तेजा सीलम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह के साथ उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ डीके सिंह, यूनीसेफ के रीजनल समन्वयक प्रदीप विश्वकर्मा, जिला मोबिलाईजेशन समन्वयक (डीएमसी) गुरदीप कौर और बलवंत सिंह ने सम्मानित किया । कार्यशाला का आयोजन स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में यूनिसेफ के सहयोग से हुआ । इस मौके पर जिलाधिकारी ने समुदाय में फैली भ्रांतियों को दूर कर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने में सहयोग करने का प्रयास करने के लिए यूनीसेफ तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम की प्रशंसा की । साथ ही समुदाय के उन प्रभावशाली व्यक्तियों का भी आभार जताया जिन्होंने जानकारी और जागरूकता के अभाव पर टीकाकरण का विरोध करने वाले परिवारों को टीकाकरण के पक्ष में तैयार करवाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जिस तरह सभी के प्रयास से पोलियो का पूरी तरह से उन्मूलन हो गया है । उसी तरह हेपेटाइटिस का टीका सभी बच्चों को लगने से उनका स्वास्थ्य मजबूत होगा । जिलाधिकारी ने कहा कि आज हम सभी दूषित वातावरण में जी रहे हैं जिसमें अक्सर नए-नए वायरस स्वास्थ्य के लिए चुनौतियां पैदा कर रहे हैं । बच्चों को समय से सभी टीके लग जाएंगे तो उनका भविष्य स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से मुक्त रहेगा।

    सीडीओ ने कहा कि कोई भी बड़ा लक्ष्य बिना समुदाय को साथ लिए पूरा नहीं किया जा सकता है । समाज में फैली बीमारियों पर सभी के सहयोग से विजय पाई जा सकती है । इस वर्ष 50 लोग जुड़े । आगे और 50 लोग जुड़ेंगे । ऐसे हमारी ताकत बढ़ती रहेगी और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को हरा सकेंगे ।
सीएमओ ने समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों से टीकाकरण का विरोध करने वालों को टीकाकरण के पक्ष में तैयार करवाने के लिए सहयोग मांगा जिससे कि शत-प्रतिशत टीकाकरण की राह आसान हो और सामाजिक जटिलताओं से भरी बीमारियों से मुक्त रहे । यूनीसेफ के प्रदीप विश्वकर्मा ने कोविड पर विजय पाने में टीकाकरण की भूमिका बताते हुए यह जताने का प्रयास किया कि उस समय लोगों की जान बचाने में टीकाकरण की भूमिका लोग देख चुके हैं । तब लोग टीका लगवाने के लिए माध्यम की तलाश कर रहे थे । यदि बच्चे के जन्म से लेकर पांच साल तक यदि सात टीके लग जाएं तो बच्चे की बुनियाद मजबूत हो जाएगी और 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव हो सकेगा ।

कार्यक्रम के दौरान जनपद के संभ्रांत तथा प्रभावशाली लोगों डॉ कमर अब्बास, डॉ संजय उपाध्याय, सेराज अहमद आदि ने टीकाकरण में आने वाली चुनौतियों तथा सहयोग के बारे में जानकारी दी । संचालन यूनीसेफ के डीएमसी गुरदीप कौर और बलवंत सिंह ने किया ।

About Author