मेरे जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता पर भाषण प्रतियोगिता कल

मेरे जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता पर भाषण प्रतियोगिता कल
“हर दिन, हर घर आयुर्वेद अभियान” के तहत आयुर्वेद को बढ़ावा देने की चल रही मुहिम
22 चिकित्सक, 50 से ज्यादा स्कूलों और 35 से अधिक ग्राम सभाओं में बता चुके हैं आयुर्वेद का महत्व
जौनपुर, 09 अक्टूबर 2022
आयुर्वेद के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनपद में ‘हर दिन, हर घर आयुर्वेद’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत आयुर्वेद चिकित्साधिकारी स्कूलों, ग्राम सभाओं में जाकर आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। यह कार्यक्रम 12 सितम्बर से शुरू हुआ है और 23 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान में प्रत्येक चिकित्साधिकारी अपने चिकित्सालय के सात किलोमीटर के दायरे में प्रचार-प्रसार का कार्य कर रहे हैं।
जनपद में आयुर्वेद के 22 चिकित्सक हैं। अभी तक वह 50 से ज्यादा स्कूलों और 35 से ज्यादा ग्राम सभाओं में सम्पर्क कर चुके हैं। सम्पर्क के दौरान उन्होंने लोगों के जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी है। इसके लिए उन्होंने आसपास के सभी स्कूलों में इस विषय पर भाषण प्रतियोगिता कराई है जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों की प्रशंसा की गई। इस अभियान के तहत ही कलक्ट्रेट प्रेक्षागृह में 11 अक्टूबर को ‘मेरे जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता होगी। इसमें सरकारी और निजी विद्यालयों से कक्षा नौ से 12 तक के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर चुके छात्र/छात्राएं भाग लेंगे। प्रतियोगिता से एक दिन पहले ही प्रधानाचार्य अपने स्कूलों में हुई प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर चुके बच्चों के बारे में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ कमल रंजन को सूचित कर देंगे। जनपद स्तर पर होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,001 रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,100 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,100 रुपए का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा 501-501 रुपए का सांत्वना पुरस्कार दो प्रतिभागियों को दिया जाएगा। जनपद स्तर पर चयनित तीन बच्चे मंडल स्तर पर 17 अक्टूबर को होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहां पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11,000 रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,100 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,100 पुरस्कार स्वरूप मिलेंगे। मंडल स्तर के दो प्रतिभागियों को 1,100-1,100 रुपए के सांत्वना पुरस्कार मिलेंगे। इसके बाद मंडलों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान विजेता प्रतिभागी राज्य स्तर पर लखनऊ में 21 अक्टूबर (शुक्रवार) को होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहां पर प्रथम स्थान के विजेता को 51,000, द्वितीय स्थान के विजेता को 21,00 तथा तृतीय स्थान के विजेता को 11,000 रुपए पुरस्कार स्वरूप मिलेंगे। यहां पर दो सांत्वना पुरस्कार 5,100-5,100 रुपए का होगा।
अभी तक बताया गया: अभी तक 12 से 18 सितम्बर तक समग्र स्वास्थ्य हेतु आयुर्वेद, 19 से 25 सितम्बर तक शहस्त्रादि हेतु आयुर्वेद तथा 26 सितम्बर से 20 अक्टूबर तक आयुर्वेद आधारित मोटे अनाज (जौ, चना, मक्का, बजरी की उपयोगिता) तथा खान-पान के नियम आदि पर जानकारी दी जा रही है।
