Jaunpur news हरियाली तीज पर अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट का आयोजन, किन्नर समाज की ऐतिहासिक भागीदारी

Share


हरियाली तीज पर अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट का आयोजन, किन्नर समाज की ऐतिहासिक भागीदारी

जौनपुर। हरियाली तीज के पावन अवसर पर अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा नगर के एक भव्य लॉन में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य और महामंडलेश्वर माँ कंकेश्वरी नंदगिरी ने भगवान शिव, माता पार्वती और श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर किया।

कार्यक्रम में सभी सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक हरे वस्त्र और हरी चूड़ियों के साथ श्रृंगार कर तीज की परंपरा को जीवंत किया। महिलाओं ने भोलेनाथ के भजन गाकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। ट्रस्ट द्वारा पान खिलाकर उस विलुप्त होती परंपरा को भी जीवंत किया गया, जो कभी तीज का विशेष हिस्सा हुआ करती थी।

इस बार का तीज समारोह विशेष रहा क्योंकि ट्रस्ट की महिलाओं के साथ किन्नर समाज का प्रतिनिधिमंडल भी इस आयोजन में शामिल हुआ। महामंडलेश्वर कंकेश्वरी नंदगिरी के नेतृत्व में किन्नर समाज की महिलाओं ने सुहागिनों के साथ मिलकर तीज पर्व को हर्षोल्लास से मनाया। इस दौरान कंकेश्वरी नंदगिरी के कर-कमलों से सभी महिलाओं को सुहाग का सामान भेंट स्वरूप दिया गया।

महामंडलेश्वर कंकेश्वरी नंदगिरी ने ट्रस्ट अध्यक्ष उर्वशी सिंह के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे किन्नर समाज के लिए शौचालय निर्माण, घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन और समाज की मुख्यधारा में जोड़ने जैसे कार्य कर रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि किन्नर समाज भविष्य में भी ट्रस्ट परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम में सुहागिन महिलाओं को सिंदूर, बिंदी, मेहंदी और चूड़ियों के साथ आशीर्वाद स्वरूप उपहार दिए गए। महिलाएं पारंपरिक झूलों पर झूलती रहीं और विभिन्न खेलों एवं व्यंजनों का आनंद लिया। मिठाइयों और पारंपरिक पकवानों ने आयोजन को और भी खास बना दिया।

इस अवसर पर शहर की कई प्रतिष्ठित महिलाएं भी मौजूद रहीं, जिनमें डॉ. विजय लक्ष्मी पटेल, डॉ. सुष्मिता सिंह, डॉ. पूजा यादव, डॉ. स्वाति यादव, डॉ. तुलिका मौर्य, डॉ. श्वेता गुप्ता, सबिता गुप्ता, कंचन सिंह, राधिका सिंह, मीरा अग्रहरी, अर्चना सिंह और क्षमा सिंह प्रमुख रहीं।
वहीं किन्नर समाज से पायल, डॉली जोशी, किरण, शालू सहित अन्य सदस्याएं भी समारोह में उपस्थित रहीं और आयोजन की शोभा बढ़ाई।


About Author