Jaunpur news कोडिंन कफ सिरप तस्करी में शशांक मौर्य गिरफ्तार
कोडिंन कफ सिरप तस्करी में शशांक मौर्य गिरफ्तार
जौनपुर पुलिस टीम की गिरफ्तारी से दवा माफियाओं में हड़कंप
22 आरोपितों के खिलाफ जारी हो चुका है एनबीडब्लू
जौनपुर। कोडिंन कफ सिरप मामले में करोड़ों का खेल करने वाले मिलन सुपर फार्मा के प्रोपराइटर शशांक मौर्य उर्फ लालू पुत्र विनय कुमार मौर्य निवासी ग्राम पदुमपुर थाना सरायख्वाजा को एसआईटी और जिले की पुलिस टीम ने मंगलवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की इस गिरफ्तारी से कफ सिरप तस्करी गिरोह से जुड़े सफेदपोश लोगों में जबरदस्त हड़कंप देखा गया।
जनपद के काफी रसूखदार लोगों में शामिल शशांक मौर्य का पूरा परिवार इस गोरखधंधे में बहुत लंबे समय से शामिल था।
इस गिरफ्तारी की घटना को पुस्ट करते हुए क्षेत्राधिकार नगर गोल्डी गुप्ता ने देर शाम को मीडिया को बताया कि
जिले के सरायख्वाजा थाना अंतर्गत पदुमपुर ग्राम निवासी इस अभियुक्त की गिरफ्तारी कोडिंग कफ सिरप की तस्करी करने के मामले में की गई है ।
इस अभियुक्त के साथ ही 22 लोगों के खिलाफ पिछले दिनों जौनपुर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिनके खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट यानी एनबीडब्लू भी जारी हो चुका है।
डिप्टी एसपी गोल्डी गुप्ता ने साफ तौर पर कहा कि गिरफ्तार इस अभियुक्त के साथ अन्य सभी चिन्हित अपराधियों द्वारा अवैध रूप से कमाई गई उनकी संपत्ति को भी बहुत जल्द जप्त किया जाएगा।
पुलिस का मानना है कि शशांक मौर्य उर्फ लालू समेत कई अपराधी नेपाल के रास्ते उत्तर प्रदेश से विदेश भागने की फिराक में थे।
शहर के मानिक चौक में गिरफ्तार अपराधी की मिलन सुपर फार्मा के नाम से ड्रग लाइसेंस की दुकान है। लेकिन उस फर्म की आड़ में यह बांग्लादेश, रांची और झारखंड समेत कई प्रांतों में कफ सिरप को नशे के रूप में तस्करी कर करोड़ो कमाया है। जिन 22 लोगों के खिलाफ पिछले महीने नगर कोतवाली में जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने मुकदमा दर्ज कराया है।
उनमें और भी लोगों की गिरफ्तारी बहुत जल्द की जाएगी।
