Jaunpur news कोतवाली परिसर में महिलाओं के दो गुट आमने-सामने, पथराव व मारपीट से मचा हड़कंप, 10 महिलाएं शांति भंग में गिरफ्तार
कोतवाली परिसर में महिलाओं के दो गुट आमने-सामने, पथराव व मारपीट से मचा हड़कंप, 10 महिलाएं शांति भंग में गिरफ्तार
जौनपुर शहर की कोतवाली परिसर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का केंद्र बन गई, जब ईरानी मोहल्ले से जुड़ी दो पक्षों की महिलाओं के बीच तीखा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हंगामे के दौरान जूते-चप्पल और ईंट-पत्थर चले, जिससे कोतवाली परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद की जड़ वर्ष 2018 की एक पुरानी घटना से जुड़ी बताई जा रही है। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक पक्ष की महिला हफीजा पत्नी मुख्तार अली को उपचार के लिए एक निजी न्यूरो सर्जन के यहां भर्ती कराया गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग मोहल्ला सिपाह से अस्पताल पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ महिलाओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। जैसे ही यह सूचना पहले पक्ष को मिली, बड़ी संख्या में महिलाएं सदर इमामबाड़ा बेगमगंज से कोतवाली पहुंच गईं और वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि कोतवाली परिसर में ही जूते-चप्पल और पत्थर चलने लगे, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है और 10 महिलाओं को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर चालान किया गया है।
हालांकि स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी बनी हुई है कि केवल शांति भंग की धारा में कार्रवाई होने से ऐसे मामलों में सख्ती का अभाव दिख रहा है, जिससे विवाद करने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
