October 15, 2025

Jaunpur news पुलिस से डर नहीं, भरोसे का रिश्ता, किशोरियों ने थाने में पाया आत्मबल

Share


पुलिस से डर नहीं, भरोसे का रिश्ता, किशोरियों ने थाने में पाया आत्मबल
जौनपुर। थाना अब डर का नहीं, हक की लड़ाई का ठिकाना है। यह एहसास आज घुघुरी सुल्तानपुर व निजामपुर की किशोरियों को तब हुआ जब उन्होंने पहली बार सरपतहा थाने का दौरा किया। समावेश साथी ऋतु यादव की ओर से गठित बंधुत्व मंच की किशोरियों को जब यह समझ आया कि जिस प्रशासन से उन्हें डर लगता था वही असल में उनके अधिकारों का संरक्षक हैं तो उनके भीतर एक नई चेतना का जन्म हुआ।
थाना परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में एसआई प्रेम शंकर सिंह व एसआई जियाउद्दीन ने किशोरियों से खुलकर बातचीत की। उन्होंने न सिर्फ पढ़ाई के महत्व पर जोर दिया बल्कि खुद के संघर्षपूर्ण जीवन के उदाहरण देकर किशोरियों को प्रेरित किया कि वे किसी भी तरह की हिंसा या उत्पीड़न का डटकर सामना करें और कानून की मदद लें। उन्होंने पॉक्सो कानून के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और यह बताया कि बच्चों व किशोरियों की सुरक्षा के लिए यह कानून कितना जरूरी है। जब अधिकारियों ने अपनी व्यक्तिगत कहानियां साझा कीं, तो माहौल सहज हुआ और किशोरियों ने खुलकर सवाल पूछने शुरू किए। शुरुआती संकोच के बाद किशोरियों की आंखों में आत्मविश्वास की चमक थी। पहली बार थाना परिसर उनके लिए डर की जगह नहीं, संवाद और सशक्तिकरण का मंच बना। कार्यक्रम के अंत में बंधुत्व मंच की ओर से थाना प्रभारी को अशोक स्तंभ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस विजिट में काजल विश्वकर्मा, सादगी विश्वकर्मा, रागिनी यादव, नेहा यादव, अंशिका प्रजापति, प्रियंका, प्रिया, साधना प्रजापति, साक्षी यादव, सूर्यांश शामिल रहे। इस संपूर्ण आयोजन की सूत्रधार समावेश साथी ऋतु यादव रहीं जिनके प्रयास से यह आयोजन सफल हुआ।

About Author