Jaunpur news मारपीट के बाद हत्या के प्रयास का मुकदमा, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
मारपीट के बाद हत्या के प्रयास का मुकदमा, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
जौनपुर।
शहर कोतवाली पुलिस ने मारपीट के एक मामले में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। हालांकि आरोपी पक्ष ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम को कोतवाली क्षेत्र के कटघरा मोहल्ले में मामूली विवाद के दौरान हुई मारपीट में प्रिंस कुमार मौर्य पुत्र बाबूराम मौर्य घायल हो गया था। घायल की तहरीर पर पुलिस ने सनावर समेत तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच सराय पोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी सनावर को गिरफ्तार कर उसका चालान न्यायालय भेज दिया।
वहीं आरोपी के पिता सैय्यद सैशन ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे को पहले प्रिंस कुमार मौर्य और उसके साथियों ने कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की और न ही उनके बेटे का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामूली विवाद के मामले में पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए उनके बेटे पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
