Jaunpur news जौनपुर पहुंची ‘गोमती जीवन यात्रा’, सूरज घाट पर हवन-पूजन कर नदी संरक्षण का लिया संकल्प

Share


जौनपुर पहुंची ‘गोमती जीवन यात्रा’, सूरज घाट पर हवन-पूजन कर नदी संरक्षण का लिया संकल्प
जौनपुर।
गोमती नदी के संरक्षण और उसके पुनर्जीवन के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘गोमती जीवन यात्रा’ सोमवार को अपने 23वें पड़ाव पर जौनपुर पहुंची। यूथ इन एक्शन इंडिया संस्था के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा का शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पचहटिया स्थित सूरज घाट और प्रतिमा विसर्जन घाट पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान और हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने आहुति देकर गोमती नदी को स्वच्छ और संरक्षित रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नदियां हमारे जीवन का आधार हैं और गोमती को स्वच्छ व सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस मौके पर मठ के महंत नरसिंह दास जी महाराज ने भी हवन में आहुति देकर यात्रा की सफलता की कामना की और नदी संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
यूथ इन एक्शन इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक शतरूद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गोमती नदी का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। यह नदी भगवान राम के वनगमन की साक्षी मानी जाती है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि जहां एक ओर सरकार वैज्ञानिक तरीकों से नदी को बचाने के प्रयास कर रही है, वहीं यह यात्रा धार्मिक और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
यात्रा अब अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ेगी और 13 मार्च को वाराणसी के कैथी में पहुंचेगी, जहां गोमती नदी का गंगा में संगम होता है।
कार्यक्रम में जयसिंह, अमित सिंह, पुनीत सेठ, विकास सिंह, राजेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

About Author