Jaunpur news नौपेड़वा में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, चालक फरार

Share


नौपेड़वा में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, चालक फरार
जौनपुर।
बक्शा थाना क्षेत्र के नौपेड़वा इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से इलाके में शोक का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार दक्षिणपट्टी गांव निवासी मोहम्मद कलीम की पत्नी जैबुन्निसा सोमवार सुबह पैदल ही नौपेड़वा बाजार जा रही थीं। इसी दौरान रन्नो मार्ग के पास हाईवे पर पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।
मृतका के पति मोहम्मद कलीम की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतका दो बेटों और तीन बेटियों की मां थीं। वहीं वह पास के कर्तिहा गांव के प्रधान कासिद अली की बहन भी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही थाने पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।

About Author