February 22, 2026

मानसिक रोग के 76 मरीजों का हुआ इलाज, पांच को मानसिक विकलांगता प्रमाणपत्रशिविर

Share

मानसिक रोग के 76 मरीजों का हुआ इलाज, पांच को मानसिक विकलांगता प्रमाणपत्र
शिविर
जिला चिकित्सालय में लगे विशाल मानसिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर में 1,265 मरीज पंजीकृत
मानसिक रोग भी अन्य बीमारियों की तरह ही, इसका इलाज भी संभव है : सीएमओ
जौनपुर, 15 अक्टूबर 2022
अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में शनिवार को लगे विशाल मानसिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर में कुल 1,265 मरीज पंजीकृत किए गए। पांच बच्चों को मानसिक विकलांगता का प्रमाणपत्र दिया गया। मानसिक रोग से ग्रसित 76 मरीजों का इलाज किया गया जबकि 177 अन्य प्रकार के मरीजों को भी जांच व इलाज की सुविधा मिली।
शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि 10 से 16 अक्टूबर तक जनपद में विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत ही इस शिविर का आयोजन हुआ। मानसिक स्वास्थ्य के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि मानसिक रोग भी अन्य बीमारियों की तरह ही है। इसका इलाज भी संभव है। तनाव, एकल परिवार तथा अन्य वजहों से ऐसी समस्याएं आ रहीं हैं। अवसाद के चलते लोगों में आत्महत्या की प्रवृत्ति बढ़ रही है। यह दुखद स्थिति है। इसलिए मानसिक रोगों से संबंधित किसी भी समस्या का उपचार कराना बहुत जरूरी है।
मानसिक स्वास्थ्य के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ राजीव कुमार ने कहा कि नींद न आना, मन में उदासी, चिंता, घबराहट होना, आत्महत्या का विचार आना आदि मानसिक रोग के लक्षण हैं। ऐसा होने पर किसी मनोचिकित्सक की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अपराध का एक कारण मानसिक रोग भी है। हर साल 10 प्रतिशत गृहणियां मानसिक रोग के कारण आत्महत्या कर रहीं हैं।
साइक्रेटिक कंसल्टेंट डॉ सुमित सिंह ने कहा कि आर्थिक चुनौतियों व अन्य कारणों से चिंता और अवसाद के रोगी बढ़ रहे हैं। मन का उदास होना, किसी काम में मन न लगना, निराशा का भाव, आत्महत्या के विचार आना, सुबह बिस्तर छोड़ने की इच्छा न करना, रोने की इच्छा होना अवसाद के लक्षण हैं। वहीं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट राम प्रकाश पाल ने बताया कि अनजाना भय, बार-बार बुरा होने के विचार आना, हड़बड़ी में रहना, नींद आने में परेशानी, रात में बार-बार नींद खुल जाना, मन में उत्साह की कमी जैसी स्थितियां चिंता के लक्षण हैं। इससे संबंधित रोगी जिला अस्पताल स्थित मनकक्ष में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से हेल्पलाइन नंबर 7754002726 पर भी सम्पर्क करने की सलाह दी। एमडी मेडिसिन डॉ प्रभात सिंह, साइक्रेटिक कंसल्टेंट डॉ सुमित सिंह, जनरल फिजिशियन डॉ केके पांडे ने कैम्प में आए मरीजों का उपचार किया। क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट राम प्रकाश पाल ने मरीजों की काउंसलिंग की। शिविर को जिला पुरुष चिकित्सालय के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ राम नगीना यादव, जिला महिला अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ संदीप सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय, विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि ने भी संबोधित किया। संचालन डॉ एसके यादव ने किया।

About Author