Jaunpur news महिला कांस्टेबल टीम ने कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को किया मिशन शक्ति के प्रति जागरूक

कोतवाली शाहगंज की महिला कांस्टेबल टीम ने कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को किया मिशन शक्ति के प्रति जागरूक
Jaunpur शाहगंज (जौनपुर): नगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार को मिशन शक्ति के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कोतवाली शाहगंज से आई महिला कांस्टेबलों की टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सहायता और आत्मनिर्भरता से जुड़ी जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा संसाधनों के प्रति जागरूक करना था। कांस्टेबल सुमन सिंह ने छात्राओं को 1090, 112, 181 और 1098 जैसे आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और इनके उपयोग के तरीकों को समझाया। उन्होंने बताया कि ये नंबर संकट की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराते हैं।
कांस्टेबल रीता कुमारी ने मिशन शक्ति के अंतर्गत पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों और महिला सशक्तिकरण की पहलों पर प्रकाश डाला। वहीं, कांस्टेबल बंदना ने मिशन शक्ति से संबंधित हैंडबिल वितरित करते हुए छात्राओं को उसमें दी गई उपयोगी जानकारी से अवगत कराया।
विद्यालय की वार्डन एकता नीलम ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं को आत्मविश्वासी और सजग बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं मांसी यादव, नंदिता, रानी, खुशी सोनी, पायल मिश्रा और मानवी पासवान ने अपने विचार साझा किए और उपयोगी जानकारी के लिए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर प्रियंका सिंह, अंकिता शुक्ला और प्रतिभा सहित अन्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
मिशन शक्ति: एक परिचय
मिशन शक्ति उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। इस अभियान के तीन प्रमुख स्तंभ हैं:
- सुरक्षा (Protection): महिला सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस टीमें, हेल्पलाइन नंबर, एंटी रोमियो स्क्वाड और साइबर क्राइम सेल जैसे तंत्र सक्रिय किए गए हैं।
- सम्मान (Respect): समाज में महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान दिलाने हेतु जनजागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र और प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं।
- स्वावलंबन (Empowerment): महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को समाज में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए सशक्त बनाना भी है।