दरोगा की मनमानीः शिकायत निस्तारण में लापरवाही का खुलासा
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से गायब हुई बेटी की बरामदगी के लिए थाने के चक्कर लगाते-लगाते थक चुके एक पीड़ित पिता ने आखिरकार मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच दरोगा अनिल तिवारी को सौंपी गई, लेकिन न्याय की आस लगाए बैठे पिता को दरोगा जी की मनमानी ने और भी निराश कर दिया।
आरोप है कि दरोगा ने न सिर्फ मामले में ढिलाई बरती, बल्कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर गलत रिपोर्ट लगाकर उच्चाधिकारियों को गुमराह करने का भी प्रयास किया। शिकायत में दर्ज आरोपों के अनुसार, दरोगा ने आरोपितों के सही गांव की जगह 7 किलोमीटर दूर दूसरे गांव का नाम रिपोर्ट में दर्ज कर दिया।
पीड़ित पिता का कहना है कि दरोगा ने आरोपितों को बचाने के लिए यह गलत रिपोर्ट लगाई है। इस मामले ने न केवल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि न्याय की उम्मीद लगाए परिवार को भी गहरी चोट पहुंचाई है। हलांकि की पुलिस ने घटना के एक दिन बाद बीते 8 दिसंबर को इस मामले में 5 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है और विवेचना प्रचलित है।
