Jaunpur news पीलीभीत से कैथी तक गोमती को पुनर्जीवित करेगी ‘जीवन यात्रा’
पीलीभीत से कैथी तक गोमती को पुनर्जीवित करेगी ‘जीवन यात्रा’
यूथ इन एक्शन इंडिया की बैठक में बनी रणनीति, 15 फरवरी से होगा शंखनाद
जौनपुर। आदि गंगा गोमती के अस्तित्व को बचाने और जल संरक्षण के प्रति जन-जागरण हेतु ‘यूथ इन एक्शन इंडिया’ संस्था ने कमर कस ली है। रविवार को नगर के सिंह बैंक्वेट हाल में संस्था के राष्ट्रीय संयोजक शतरुद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक वृहद बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में गोमती नदी के संरक्षण और संवर्धन हेतु आगामी 15 फरवरी से ‘गोमती जीवन यात्रा’ निकालने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान यात्रा की रूपरेखा साझा करते हुए राष्ट्रीय संयोजक शतरुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह गोमती जीवन यात्रा कुल 1500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा का शुभारंभ 15 फरवरी को गोमती के उद्गम स्थल पीलीभीत से होगा, जो विभिन्न जनपदों का भ्रमण करते हुए 13 मार्च को मार्कण्डेय महादेव, कैथी (गाजीपुर) स्थित गोमती-गंगा संगम पर संपन्न होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नदी के गिरते जलस्तर को रोकना और उसे प्रदूषण मुक्त बनाना है।
यात्रा के दौरान नदी के किनारे बसे गाँवों और शहरों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें विशेष रूप से नदी पूजन के माध्यम से लोगों को जल की महत्ता समझाई जाएगी। साथ ही पर्यावरण को शुद्ध रखने के उद्देश्य से स्थान-स्थान पर पंच पल्लव वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संगोष्ठी और व्याख्यान कार्यक्रमों के जरिए विशेषज्ञों द्वारा नदी की वर्तमान स्थिति और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से संवाद किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए। भाजपा नेता नीरज सिंह और राजवीर सिंह राजा ने अभियान को पूर्ण समर्थन देते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस अवसर पर मिथिलेश सिंह, श्यामदत्त, धीरेन्द्र सिंह, प्रेम चौरसिया, वैभव गुप्ता, अमित सिंह और जय सिंह सहित संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने गोमती की स्वच्छता की शपथ ली। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि गोमती के संवर्धन के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं है और यह यात्रा इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
