न्याय न मिला तो सर्वोच्च न्यायालय गेट पर देंगे धरना: झन्मेजय सिंह

–
- जिला एवं न्यायालय निर्माण संघर्ष समिति पैदल यात्रा का जनपद में हुआ भव्य स्वागत
जौनपुर: चंदौली जनपद के विकास में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपेक्षा को लेकर आंदोलित जिला एवं न्यायालय निर्माण संघर्ष समिति पैदल यात्रा सोमवार को जिला मुख्यालय पर पहुंची। यात्रा का रास्ते में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। तिलक लान में पत्रकारों से बातचीत में समिति के अध्यक्ष झन्मेजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री से मिलकर जनपद की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। यदि न्याय नहीं मिला तो सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य द्वारा पर धरना दिया जाएगा।
अध्यक्ष ने कहा कि चंदौली जनपद को अस्तित्व में आए 26 साल बीत गए। इसके साथ के सभी जनपदों में तेजी से विकास हुआ लेकिन यहां अभी किसी भी विभाग के पास न तो कार्यालय है और न ही अधिकारियों व कर्मचारियों को रहने के लिए आवास।
जिला व न्यायालय निर्माण को लेकर दो माह तक अनवरत धरना दिया गया लेकिन अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया। यह स्थिति तब है जब बगल के जनपद वाराणसी के सांसद देश के प्रधानमंत्री हैं। इतना ही नहीं अधिकारियों ने उच्च न्यायालय में कार्यालय व न्यायालय भवनों के भूमि अधिग्रहित कर निर्माण कार्य शुरू करने का हलफनामा भी दिया है।
अनदेखी से मजबूर होकर दिल्ली तक पैदल यात्रा निकालनी पड़ी है। यात्रा के दौरान जनमानस से मिलकर जनपद की उपेक्षा से अवगत कराया जाएगा। यात्रा में धनंजय सिंह एडवोकेट, सत्येंद्र कुमार बिंद एडवोकेट, योगेंद्र कुमार सिंह एडवोकेट, संजय कुमार कुशवाहा एडवोकेट आदि संघर्ष समिति के सदस्य शामिल हैं। यात्रा का जलालपुर, सिरकोनी, जफराबाद व जिला मुख्यालय पर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों संदीप सिंह, राकेश सिंह सुक्खू, नीतीश कुमार सिंह, अमित सिंह डब्बू, सुशील जायसवाल, राजीव सिंह, सिद्धार्थ सिंह बाबू, सोनू सिंह एडवोकेट, गप्पू मौर्य, संजय सिंह प्रधान आदि रहे।