Jaunpur news जौनपुर की बेटी खुशी जायसवाल ने रचा इतिहास, अजमेर में मिला “द वूमेन प्राइड अवार्ड”

IMG-20251122-WA0015
Share

जौनपुर की बेटी खुशी जायसवाल ने रचा इतिहास, अजमेर में मिला “द वूमेन प्राइड अवार्ड”

जौनपुर। तेजी बाजार थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव की 24 वर्षीय खुशी जायसवाल ने अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से जनपद का मान बढ़ा दिया है। राजस्थान के अजमेर में आयोजित तीन दिवसीय गेम चेंजर ग्रुप के लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम में खुशी को महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन में विशिष्ट योगदान के लिए “द वूमेन प्राइड अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इस आयोजन में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

खुशी ने न सिर्फ यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता, बल्कि गेम चेंजर ग्रुप की व्यवसायिक संरचना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर लेवल हासिल किया, जिसके लिए उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही आधुनिक डिजिटल क्षेत्र में फेसबुक एड सर्विस में उनके बेहतरीन कार्यों के लिए भी उन्हें अतिरिक्त पुरस्कार मिला। एक साथ तीन सम्मान पाकर खुशी भावुक हो उठीं।

खुशी अपने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरु धीरेंद्र सिंह को देती हैं। साधारण परिवार से आने वाली खुशी ने अपनी प्रारंभिक से लेकर उच्च शिक्षा गांव के ही विद्यालयों में पूरी की है। वर्तमान में वे उमा नाथ लॉ कॉलेज, जौनपुर से विधि (LLB) की पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता राजस्व विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहणी हैं। उनके एक बड़े भाई और एक बड़ी बहन भी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण एवं महिला स्वावलंबन अभियान से प्रेरित होकर खुशी पिछले तीन वर्षों से महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही हैं। अब तक वे लगभग 275 महिलाओं और कुछ पुरुषों को भी डिजिटल रूप से प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार योग्य बना चुकी हैं।

खुशी कहती हैं, “यह पुरस्कार मेरे लिए प्रेरणा है। मेरा लक्ष्य है कि देश की हर महिला आर्थिक रूप से स्वतंत्र बने और अपने सपनों को पूरा करे। मैं इसके लिए लगातार प्रयास करती रहूंगी।”

खुशी जायसवाल की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है।