August 17, 2025

Jaunpur news वर्ष दर वर्ष बढ़ती हरियाली: संत निरंकारी मिशन का ‘वननेस वन’ अभियान

Share


वर्ष दर वर्ष बढ़ती हरियाली: संत निरंकारी मिशन का ‘वननेस वन’ अभियान

जौनपुर, 17 अगस्त 2025।
संत निरंकारी मिशन की हरित चेतना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाते हुए रविवार को ‘वननेस वन’ परियोजना के पांचवें चरण के तहत देशभर में कई नए स्थलों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। जौनपुर में मिशन की 43 शाखाओं पर सुबह 6 से 9 बजे तक सैकड़ों सेवादार और श्रद्धालु एकजुट होकर पौधारोपण करेंगे और प्रकृति संरक्षण का संकल्प दोहराएंगे।

स्थानीय मीडिया सहायक उदय नारायण जायसवाल ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में वर्ष 2021 में शुरू हुआ ‘वननेस वन’ केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ संतुलन और सह-अस्तित्व की भावना जगाने का अभियान है। यह हमें यह समझाता है कि हम प्रकृति से अलग नहीं, बल्कि उसका अभिन्न हिस्सा हैं, और उसका संरक्षण हमारे अपने भविष्य की रक्षा है।

अब तक लगाए गए पौधों ने लघु वन का स्वरूप लेना शुरू कर दिया है, जिनमें प्रवासी और दुर्लभ प्रजातियों के पक्षी भी लौटने लगे हैं। जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन में इन जीवों की अहम भूमिका है।

अब तक देशभर में 600 से अधिक स्थलों पर वृक्षारोपण हो चुका है। मिशन के स्वयंसेवक पौधों की देखभाल पूर्ण समर्पण से कर रहे हैं, क्योंकि उनके लिए हर पौधा भविष्य की पीढ़ियों के जीवन का आधार है। पूज्य बाबा हरदेव सिंह जी का संदेश— “प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक हैं”—इस अभियान की मूल प्रेरणा है।

संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि पौधों का चयन स्थानीय पर्यावरण के अनुसार किया जाता है और देखभाल जैविक खाद, स्वच्छ जल और आधुनिक तकनीकों से की जाती है ताकि हरियाली दीर्घकालीन बनी रहे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संकट के इस दौर में यह पहल समय की मांग है और समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी।

निस्संदेह, ‘वननेस वन’ संत निरंकारी मिशन के प्रकृति के प्रति दायित्वबोध और सह-अस्तित्व की दिशा में उठाया गया एक सशक्त कदम है।


About Author