शिक्षा के साथ सामाजिक ज्ञान भी जरुरी: सांसद धनंजय सिंह

Share

जलालपुर। बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक ज्ञान भी जरूरी है। शिक्षा और समाज के बीच गहरा संबंध होता है, जो न केवल छात्रों को सफल नागरिक बनने में मदद करता है, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाता है। यह बाते पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने विकास खण्ड जलालपुर के कंपोजिट विद्यालय, दुबेपुर में आयोजित स्वर्गीय श्री केदारनाथ दुबे शास्त्री स्मृति पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में कही। उन्होंने कहा कि सामाजिक ज्ञान से बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास होता है, जिससे वे अपने परिवार, समाज और देश के प्रति जिम्मेदार बनते हैं। इसके साथ ही यह भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने में भी सहायक होता है।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक दिनेश चौधरी, बयालसी डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अलकेश्वरी सिंह, डॉ. वेद प्रकाश चौबे और ओमेगा पब्लिक स्कूल के चेयरमैन पंकज भूषण मिश्रा ने दीप प्रज्वलन के साथ की।

मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा आठ की छात्रा संजना सरोज को 5555 रुपये, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पुरस्कार छात्रों को प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर लायंस क्लब, मुंबई के 50 सदस्यों ने विद्यालय के 300 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, टिफिन और नोटबुक वितरित किए, जिससे बच्चों में उत्साह देखा गया।विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अध्यापिका संध्या मेहरा के निर्देशन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे दर्शक आनंदित हुए। इसके अलावा, एक जादू शो का आयोजन भी किया गया, जिसने बच्चों को खासा रोमांचित किया।

मुख्य अतिथि धनंजय सिंह ने विद्यालय के बच्चों के लिए झूला, स्लाइड और स्केटबोर्ड की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिससे बच्चों में खुशी की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम का संचालन हेमंत पांडे ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी संजय दुबे ने संभाली। इस अवसर पर धनंजय दुबे (दीपक), राज बहादुर सिंह बबलू, अभय सिंह, शिवम दुबे, कलेक्टरेट बार के मंत्री मनोज मिश्रा, प्रधानाचार्य राम उजागीर यादव समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About Author