February 6, 2025

दो चरणों में चलेगा विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा

Share

27 जून से 10 जुलाई तक चलेगा दम्पति सम्पर्क पखवाड़ा

11 से 24 जुलाई मनाया जाएगा सेवा प्रदायगी पखवाड़ा

जौनपुर,

जनपद में विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा दो चरणों में संचालित किया जाएगा। पहला चरण 27 जून से 10 जुलाई तक दम्पति सम्पर्क पखवाड़ा के रूप में चलेगा। दूसरा चरण 11 जुलाई से 24 जुलाई तक सेवा प्रदायगी पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश की मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने जौनपुर सहित समस्त जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) तथा चिकित्सा अधीक्षकों को पत्र जारी किया गया है।

​सीएमओ डॉ लक्ष्मी सिंह ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस हर साल 11 जुलाई को मनाया जाता है। यह प्रजनन स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। यह पूरे जीवन को नियोजित करने के लिए प्रेरित करता है। इसलिए इस दिवस पर परिवार नियोजन कार्यक्रम के महत्व तथा उससे जुड़ी उपलब्धियों को आम लोगों तक प्रदर्शित किया जाना जरूरी है। केंद्र सरकार की ओर से इस वर्ष की विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़े की थीम – ‘आजादी के अमृत महोत्सव में हम ले ये संकल्प-परिवार नियोजन को बनाएंगे, खुशियों का विकल्प’ है।

​एसीएमओ डॉ राजीव कुमार ने बताया कि इस वर्ष की थीम आजादी के अमृत महोत्सव से प्रेरित है। इसका उद्देश्य आजादी के अमृत महोत्सव पर परिवार नियोजन समृद्धि और खुशहाली के रूप में अपनाएं। जनसाधारण को सीमित परिवार के प्रति जागरूक करने के साथ परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने के लिए प्रेरित करेंगे। विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़े पर आम लोगों को संवेदीकृत करने के लिए विभिन्न स्तरों पर इसका सघन प्रचार प्रसार किया जाएगा।

​उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनसंख्या दिवस दो पखवाड़े में आयोजित होगा। पहला पखवाड़ा दम्पति सम्पर्क पखवाड़ा के तौर पर 27 जून से 10 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान व्यापक व सघन प्रचार प्रसार किया जाएगा। दूसरा 11 जुलाई से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। इसमें परिवार नियोजन की स्थाई व अस्थाई सेवाओं का लाभ इच्छुक दम्पतियों को दिया जाएगा। दूसरे चरण में नसबंदी शिविर लगेंगे। साथ ही बास्केट आफ च्वाइस में उपलब्ध गर्भ निरोधक संसाधनों के बारे में काउंसलिंग कर गर्भ निरोधक संसाधनों को अपनाने के लिए प्रेरित कर सेवाएं उपलब्ध कराईं जाएंगीं। अभियान के दौरान हर ब्लाक से पांच पुरुष तथा 100 महिला नसबंदी कराने का अपेक्षित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ब्लाक स्तरीय चिकित्सा इकाइयों के साथ आशा कार्यकर्ता और एएनएम/सीएचओ तक परिवार नियोजन सेवा से संबंधित गर्भ निरोधक सामाग्री और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। अभियान की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी तथा परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ लेने वालों को शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शासन के निर्देश पर जनपद स्तर पर पखवाड़े के दौरान परिवार नियोजन सेवा से संबंधित सेवा प्रदाता, समस्त गर्भ निरोधक सामाग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधन (लाजिस्टिक) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों। उनका वितरण समुदाय स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से सुनिश्चित हो एवं इसकी दैनिक रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

जनपद की उपलब्धियां:- वर्ष 2021 में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान 491 महिलाओं तथा छह पुरुषों ने नसबंदी को चुना। 526 महिलाओं ने आईयूसीडी तथा 769 ने पीपीआईयूसीडी को अपनाया। 940 महिलाओं ने त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा को लगवाया। 50,625 जोड़ों ने कंडोम को वरीयता दी। 4,343 ने गर्भ निरोधक गोली माला-एन और 3,563 छाया को अपनाया और 1,205 ने इमरजेंसी कांट्रासेप्टिव पिल्स

(ईसीपी) को वरीयता दी। जबकि वर्ष 2022 में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान 2023 महिला नसबंदी और 13 पुरुष नसबंदी हुई। 731 महिलाओं ने आईयूसीडी तथा 841 ने पीपीआईयूसीडी अपनाया। 1203 ने त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा लगवाया। 64,425 ने कंडोम, 6,713 ने माला-एन, 4,453 ने छाया तथा 2,239 ईसीपी पर अपना विश्वास जताया।

About Author