Jaunpur news बजट से शिक्षक कर्मचारियों में मायूसी, ओपीएस बहाली न होने और टैक्स स्लैब यथावत रहने पर नाराज़गी
बजट से शिक्षक कर्मचारियों में मायूसी, ओपीएस बहाली न होने और टैक्स स्लैब यथावत रहने पर नाराज़गी
जौनपुर। केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई यूनिफाइड पेंशन योजना (यूपीएस) को पहले ही अधिकांश शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों ने अस्वीकार कर दिया था। ऐसे में इस बजट से पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली को लेकर शिक्षक कर्मचारियों में खासा भरोसा और उम्मीद जगी थी, लेकिन बजट में ओपीएस को लेकर किसी भी तरह की घोषणा न होने से सभी वर्गों में गहरी निराशा फैल गई है।
उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय संयुक्त महामंत्री अमित सिंह ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षक और कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि यूपीएस को जमीनी स्तर पर स्वीकार्यता नहीं मिली है, इसके बावजूद ओपीएस बहाली पर कोई ठोस निर्णय न लेना दुर्भाग्यपूर्ण है।
अमित सिंह ने यह भी कहा कि लगातार बढ़ती महँगाई ने आम कर्मचारी और शिक्षक की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद टैक्स स्लैब में किसी प्रकार का संशोधन न किया जाना और राहत न मिलना निराशाजनक है। इससे मध्यम वर्ग पर आर्थिक दबाव और बढ़ेगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षक कर्मचारियों की भावनाओं और वास्तविक समस्याओं को समझते हुए जल्द से जल्द पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए तथा महँगाई के अनुरूप टैक्स व्यवस्था में सुधार कर कर्मचारियों को राहत दी जाए। अन्यथा असंतोष और आंदोलन की स्थिति बन सकती है।
