January 25, 2026

Jaunpur news STF का बड़ा छापा कोडीन सिरप तस्करी गिरोह का अहम सदस्य अमित सिंह टाटा पकड़ा गया

Share


STF का बड़ा छापा: कोडीन सिरप तस्करी गिरोह का अहम सदस्य अमित सिंह टाटा पकड़ा गया

जौनपुर। प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई में सक्रिय तस्कर गिरोह पर उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेटवर्क के प्रमुख सदस्य अमित सिंह टाटा को लखनऊ से हिरासत में ले लिया है। वह फरार मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल का सबसे भरोसेमंद सहयोगी बताया जा रहा है। एसटीएफ टीम उससे लगातार पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियाँ जोड़ने में जुटी है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, अमित सिंह टाटा और शुभम जायसवाल ने मिलकर झारखंड की एक दवा कंपनी के माध्यम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित कोडीन सिरप की अवैध खेप तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई की। गिरोह का संचालन झारखंड से लेकर बांग्लादेश सीमा तक फैलाया गया था। जानकारी मिली है कि सिरप की तस्करी नेपाल और बांग्लादेश तक की जा रही थी।

मामले में अमित सिंह के पिता अशोक सिंह और उनकी फर्म के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। झारखंड की देवकृपा फार्मा कंपनी के साथ अमित के संबंध भी सामने आए हैं, जिसकी भूमिका अब जांच के दायरे में है।

गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को सोनभद्र पुलिस ने इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। इसके बाद 4 नवंबर को गाजियाबाद में सौरभ त्यागी को गिरफ्तार किया गया।
जबकि 5 नवंबर को इस रैकेट का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल दुबई फरार हो गया, जहां से वह अब तक बचता फिर रहा है।

एसटीएफ की पड़ताल में यह भी सामने आया है कि अमित सिंह टाटा से जुड़े कई और लोग अब एजेंसी के रडार पर हैं। जांच का दायरा बढ़ते-बढ़ते एक बर्खास्त यूपी पुलिस सिपाही तक जा पहुंचा है।
सूत्र बताते हैं कि दुबई में मौजूद मेरठ का आसिफ भी इस सप्लाई चैन का हिस्सा है, जबकि झारखंड से बांग्लादेश तक अवैध सिरप पहुंचाने में शामिल “आईडी” नामक व्यक्ति की तलाश जारी है।


About Author