Jaunpur news प्रेम विवाह की जिद में युवती हाईटेंशन पोल पर चढ़ी, घंटों चला ड्रामा
प्रेम विवाह की जिद में युवती हाईटेंशन पोल पर चढ़ी, घंटों चला ड्रामा
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक युवती प्रेमी से शादी कराने की जिद में हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई। युवती को खंभे पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और काफी देर तक गांव में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार शाहगंज क्षेत्र के नटौली गांव की रहने वाली युवती का आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी युवक से काफी समय से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की जानकारी जब परिजनों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। करीब तीन महीने पहले युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था। युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था।
बताया जा रहा है कि हाल ही में युवक के जमानत पर रिहा होने की खबर मिलने के बाद युवती फिर से उससे शादी कराने की जिद करने लगी। लेकिन दोनों के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर युवती गांव के पास लगे हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी।
युवती को पोल पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई।
घटना के दौरान पूरे गांव में कौतूहल का माहौल बना रहा और लोग इसे किसी फिल्मी दृश्य की तरह देखते रहे। हालांकि पुलिस की समझदारी से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया
