Jaunpur news भोले बाबा की निकली भव्य बारात, भक्तों ने उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया विवाह उत्सव
भोले बाबा की निकली भव्य बारात, भक्तों ने उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया विवाह उत्सव
जौनपुर। नगर के मधारेटोला में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। तीर्थराज प्रयागराज से पधारी कथा वाचक निकेता त्रिपाठी ने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का वर्णन किया, जिसे सुनकर उपस्थित भक्त भावविभोर हो उठे।
विवाह कथा के उपरांत भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। नगरवासियों ने जयकारों के साथ बारात का स्वागत किया और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल छा गया।
कथा के दौरान निकेता त्रिपाठी ने पहले राजा परीक्षित और श्रृंगी ऋषि के प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे राजा परीक्षित द्वारा ऋषि शमीक के साथ दुर्व्यवहार के कारण श्रृंगी ऋषि ने उन्हें श्राप दिया कि सातवें दिन उन्हें तक्षक सर्प डस लेगा। इसके बाद उन्होंने विदुर और विदुरानी की कथा सुनाई, जिसमें बताया गया कि भगवान श्रीकृष्ण उनके घर पहुंचे और केले के छिलके खाकर उनका प्रेम स्वीकार किया।
कथा वाचक ने कहा कि भगवान हमारे भाव के भूखे होते हैं, वे भाव से अर्पित किसी भी वस्तु को प्रसन्नता से स्वीकार करते हैं।
कार्यक्रम का समापन मुख्य यजमान अश्वनी सिंह व उनकी पत्नी ज्योत्सना सिंह की आरती के साथ हुआ।
पूरे आयोजन का संचालन नितिन कुमार ने किया।

