Jaunpur news प्लास्टिक प्रदूषण से त्रस्त पृथ्वी, अंतरिक्ष और समुद्र : महेंद्र शुक्ला

Share


प्लास्टिक प्रदूषण से त्रस्त पृथ्वी, अंतरिक्ष और समुद्र : महेंद्र शुक्ला
विश्व पर्यावरण दिवस पर सिंगरामऊ में पर्यावरण संरक्षण की मुहिम, पौधरोपण कर बांटे गए पौधे

सिंगरामऊ।
Jaunpur news विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति एवं निफा जौनपुर द्वारा सिंगरामऊ में पर्यावरण जागरूकता हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, साथ ही पौधरोपण कर आमजन को पौधे वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गोरखपुर के जिला पोषण विशेषज्ञ, संस्था के तकनीकी सहयोगी और परामर्शदाता महेंद्र शुक्ला ने प्लास्टिक प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से कृषि योग्य भूमि नष्ट हो रही है, जल प्रदूषण बढ़ रहा है और जलीय जीवों को ऑक्सीजन की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 4 जून 2025 को गोमती नदी में प्रदूषण के चलते लाखों मछलियां मरी हुई पाई गईं। उन्होंने चेताया कि केवल पृथ्वी ही नहीं, अंतरिक्ष और समुद्र भी प्लास्टिक के कारण प्रदूषित हो रहे हैं। इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए उन्होंने सरकार व सामाजिक संगठनों को मिलकर जागरूकता बढ़ाने और कड़े कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देने की आवश्यकता बताई।

संस्था प्रमुख एवं निफा प्रदेश संरक्षिका डॉ. अंजू सिंह ने ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (SDGs)’ की जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2030 तक एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करने के लिए हमें छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाना होगा। उन्होंने सिंगल यूज़ प्लास्टिक जैसे डिस्पोजेबल बोतल, पैकेट आदि के दुष्प्रभावों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इनमें मौजूद रसायन कैंसर जैसी घातक बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

डॉ. सिंह ने बताया कि बीते 70 वर्षों में प्लास्टिक उत्पादन में विस्फोटक वृद्धि हुई है। 1950 में जहां मात्र 2 मिलियन टन प्लास्टिक का उत्पादन होता था, आज यह आंकड़ा 450 मिलियन टन के पार जा चुका है। यह धरती के लिए एक गंभीर खतरा है।

कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ लोगों को तुलसी के पौधे वितरित किए गए।

इस अवसर पर लालमणि मिश्रा, सत्यजीत, मंजू सिंह, नेहा सिंह, सौम्या सिंह, विकास मिश्रा, प्रभावती, सुनीता, श्यामा देवी, संगीता, पार्वती सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


About Author