September 21, 2024

मानवता की निस्वार्थ सेवा ही श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान की स्थापना का उद्देश्य: हृदय प्रसाद सिंह

Share

श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान का 63 वाँ स्थापना मनाया गया

शाहगंज।श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थानम् प्रधान कार्यालय वाराणसी का 63 वाँ स्थापना दिवस विगत वर्षों की भांति गुरुवार को शाखा समोधपुर में धूमधाम व विधि विधान से मनाया गया। स्थापना दिवस का शुभारंभ संस्थान के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों,सदस्यों और संकुल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाल कर किया गया जो समोधपुर के आसपास के क्षेत्र से होकर शाखा पर पहुंची।’सर्वेश्वरी त्वं पाहिमाम’ संकीर्तन के साथ कार्यक्रम संपन्न किया गया। तत्पश्चात शाखा के उपाध्यक्ष एवं गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह ‘रानू’ द्वारा सर्वेश्वरी ध्वज फहराया गया। आरती के पश्चात पवित्र पुस्तक सफलयोनि के पाठ के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। अपने हृदय के उद्गार व्यक्त करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि परम पूज्य अवधूत भगवान राम जी ने 21 सितंबर 1961 को संपूर्ण मानव जगत के कल्याण के लिए विश्व बंधुत्व की भावना प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से मानवता की सेवा के लिए समूह की स्थापना की। इसके अंतर्गत समूह के 19 सूत्री कार्यक्रम जो विभिन्न शाखाएं समय-समय पर मानव सेवार्थ संपादित करती रहती हैं। उन्होंने बताया कि अभी हाल ही में इस संस्था द्वारा प्राचीन एवं सार्वजनिक मंदिरों में झाड़ू वितरण और होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर व्यापक स्तर पर चलाया गया जिसमें करीब 2870 लोगों को निशुल्क दवा पिलाई गई।भविष्य में भी मानव के उत्थान के लिए यह संस्था विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर करती रहेगी।

कोषाध्यक्ष व इंटर कॉलेज समोधपुर के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. रणजीत सिंह ने कहा कि यह एक आध्यात्मिक संस्था है जो मानव सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। परम पूज्य औघड़ भगवान राम ने सर्वेश्वरी समूह की स्थापना हाजी सुलेमान की बाग वाराणसी में किया था। उन्होंने बताया कि यह संस्था समस्त भेदभाव से ऊपर उठकर समदर्शी बनने का आह्वान करती है। इस अवसर पर प्रो.अरविंद कुमार सिंह, इं.कॉ.समोधपुर के प्रधानाचार्य डॉ.अजेय प्रताप सिंह, विनय त्रिपाठी सतीश सिंह ,पद्मभूषण सिंह,श्री कृष्ण पाल ,रमाशंकर मिश्र,महेंद्र प्रताप सिंह ,राजन सिंह एडवोकेट, जितेंद्र बहादुर सिंह बबलू जांचकर्ता आदि उपस्थित रहे।

About Author