February 12, 2026

Jaunpur news आम हड़ताल के समर्थन में जौनपुर की सड़कों पर उतरे मजदूर-किसान, छात्र-युवा संगठनों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ बुलंद की आवाज

Share


आम हड़ताल के समर्थन में जौनपुर की सड़कों पर उतरे मजदूर-किसान, छात्र-युवा संगठनों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ बुलंद की आवाज

जौनपुर, उत्तर प्रदेश।
संयुक्त ट्रेड यूनियनों के देशव्यापी आह्वान पर बुधवार को जौनपुर में आम हड़ताल के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। चार श्रम संहिताओं, सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण और सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में मजदूर, किसान, छात्र, युवा और महिला संगठनों ने एकजुट होकर जुलूस निकाला और जनसभा की।
जुलूस की शुरुआत रोडवेज बस अड्डा जौनपुर से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा, जहां यह जनसभा में तब्दील हो गया। प्रदर्शन में ट्रेड यूनियन एआईयूटीयूसी, किसान संगठन एआईकेकेएमएस, छात्र संगठन एआईडीएसओ, युवा संगठन एआईडीवाईओ, महिला संगठन एआईएमएसएस समेत अन्य संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने चार लेबर कोड को रद्द करने, मजदूरों के लिए 30 हजार रुपये न्यूनतम मासिक वेतन लागू करने, सार्वजनिक संस्थानों के निजीकरण पर रोक लगाने, स्कीम वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, सरकारी विभागों में खाली पदों पर स्थायी नियुक्ति, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण, सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, बिजली संशोधन अधिनियम 2023 और नई शिक्षा नीति 2020 को रद्द करने जैसी मांगों को लेकर नारेबाजी की। साथ ही सरकारी स्कूलों की क्लोजर-मर्जर नीति समाप्त करने और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई गई।
जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों के हित में नीतियां लागू कर रही है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे देश में अमीर-गरीब की खाई लगातार बढ़ रही है। वक्ताओं ने लोकतंत्र की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है।
इस मौके पर प्रवीण कुमार शुक्ल, श्रीपति सिंह, अशोक कुमार खरवार, रामप्यारे एडवोकेट, प्रमोद कुमार शुक्ल, लालताप्रसाद मौर्य, विजय सिंह मौर्य, इंदु कुमार शुक्ल, दिलीप कुमार, रविशंकर मौर्य, लालप्रकाश राही, संतोष कुमार प्रजापति, राजबहादुर विश्वकर्मा, रामसिंगार दूबे, पूनम प्रजापति, अंजली सरोज, राकेश निषाद, विनोद मौर्य, शिवभवन सिंह, योगेश द्विवेदी, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

About Author