Jaunpur news रोडवेज परिसर बना बिल्डिंग मैटेरियल रखने का अड्डा

IMG-20260212-WA0057
Share

रोडवेज परिसर बना बिल्डिंग मैटेरियल रखने का अड्डा

शिकायत के बाद भी चुप्पी साधे हैं विभाग के अफ़सर

डिपोइंचार्ज की मनमानी से हो रहा है यह गोरखधंधा

मछलीशहर, जौनपुर।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के मछली शहर डिपो परिसर में बिल्डिंग मैटेरियल, गिट्टी, मोरंग आदि रख कर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे डिपो परिसर में बसों को घुमाने में खासी दिक्कत हो रही है। परिवहन निगम की सुंदरता को भी बट्टा लग रहा है।
यह पूरा खेल डिपो इंचार्ज की जानकारी में पिछले कई महीने से चल रहा है। नागरिकों की शिकायत के बाद भी इतने बड़े मामले में विभागीय प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
प्रयागराज जौनपुर नेशनल हाईवे पर स्थित मछली शहर तहसील मुख्यालय का रोडवेज बस अड्डा लगभग सात एकड़ में फैला हुआ है। रोडवेज परिसर की बाउंड्रीवाल की चारों तरफ महीनों से अधिक समय से गिट्टी, मोरंग के ढेर लगे हुए हैं। सबसे बड़ी बात है कि ढेर एक तरफ खत्म नहीं होता दूसरी तरफ नया गिर जाता है।
जबकि परिवहन निगम या अन्य विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं होने से ट्रांसपोर्टर और दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं।
अवैध मोरंग, गिट्टी के ढेर के साथ थ्रेसर, आलू, फल सब्जी मंडी की बड़ी बड़ी ट्रकों द्वारा माल को उतरवाया जाता है।स्थानीय लोगों एवं यात्रियों द्वारा कई बार इसकी मौखिक शिकायत भी जिम्मेदारों से की गई किंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई।
मछलीशहर तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रबुद्ध नागरिक राम प्रताप सिंह समेत दर्जन भर वकीलों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है।

बाक्स
दुकानदारों की मनबढ़ी हो रहा है अतिक्रमण
मछली शहर। रोडवेज डिपो परिसर में गिट्टी बालू समेत बिल्डिंग मटेरियल का भारी भरकम सामान गजाने वाले दुकानदार इलाके के काफी दबंग और मनबढ़ किस्म के हैं।
लगभग तीन वर्ष पहले अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत पूर्व प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने लोडिंग और अन लोडिंग कर रहे ट्रकों के मालिकों पर दस हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया था।
तब कुछ दिन रोडवेज परिसर में यह सब कार्य बंद हो गया था,लेकिन अब फिर शुरू हो चुका है।
इस बाबत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार सौरभ से बात की गई तो उन्होंने कहा मामला संज्ञान में नहीं था। यदि कोई ऐसा कर रहा है उसपर कार्यवाही की जाएगी।