Jaunpur news जिला महिला अस्पताल में नवजात की मौत, पहचान बनी पहेली; परिजन भर्ती कराकर हुए फरार
जिला महिला अस्पताल में नवजात की मौत, पहचान बनी पहेली; परिजन भर्ती कराकर हुए फरार
जौनपुर के जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती एक अज्ञात नवजात बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। गुरुवार की शाम महिला कल्याण विभाग के माध्यम से लगभग दो माह की बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही जिला महिला चिकित्सालय प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी विकास कुमार बेनुवंशी के अनुसार, बच्ची को तीन दिन पूर्व शाहगंज कस्बे की नई सब्जी मंडी स्थित एक चाइल्ड केयर सेंटर में उसके माता-पिता ने भर्ती कराया था। कुछ समय बाद परिजन वहां से गायब हो गए। काफी इंतजार के बावजूद जब कोई वापस नहीं आया तो चाइल्ड केयर सेंटर संचालक डॉक्टर महफूज ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। बच्ची की हालत लगातार बिगड़ने पर उसे जिला महिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चाइल्ड केयर सेंटर में बच्ची को भर्ती कराते समय जो नाम-पता दर्ज कराया गया था, वह फर्जी निकला। ऐसे में यह सवाल खड़ा हो गया है कि परिजन बच्ची को भर्ती कराकर अचानक कहां और किन परिस्थितियों में गायब हो गए।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि आर्थिक तंगी या इलाज का खर्च वहन न कर पाने के कारण परिजनों ने नवजात को अस्पताल में छोड़ दिया होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
जिला महिला अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, बच्ची को जब भर्ती कराया गया था तभी से उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
