January 31, 2026

Jaunpur news पुलिस के सख्त पहरे में खुला पीडब्ल्यूडी दफ्तर

Share

पुलिस के सख्त पहरे में खुला पीडब्ल्यूडी दफ्तर

दो विधायकों का नाम आने से खासा हाई प्रोफाइल हो गया पिटाई का मामला

भ्रष्टाचार का आरोप लगा ठेकेदारों ने शुरू किया धरना

जौनपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में हाल ही में हुए विवाद और अधिशासी अभियंता पर मुकदमा दर्ज होने के बाद अब मामले ने खासा तूल पकड़ लिया है। लाखों रुपए के जबरिया भुगतान कराने और भ्रष्टाचार व कमीशन खोरी का आरोप लगने के बाद से यह मामला काफी हाई प्रोफाइल हो गया है।
जिले के इस मामले को बेहद ही गंभीरता से लेते हुए डीएम डॉक्टर दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुम्भ ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे दफ्तर परिसर में पुलिस का सख्त पहरा बैठा दिया है। थाना अध्यक्ष लाइन बाजार के साथ आधा दर्जन उपनिरीक्षक पुलिस कांस्टेबल पूरे दिन जिले के इस अहम कार्यालय के आसपास जबरदस्त चौकसी लगाए हुए थे । यहां आने जाने वाले हर किसी पर पुलिस की पैनी नजर थी।
शनिवार को ठेकेदार संगठन ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए
धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी ठेकेदारों ने लेखाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके तत्काल स्थानांतरण की मांग की है।
ठेकेदारों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय में कार्यरत लेखाधिकारी भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं और जानबूझकर ठेकेदारों के बिलों को पास नहीं किया जाता। जिससे निर्माण कार्यों में आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है। प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों में आजाद वीआईपी ठेकेदार संघ अध्यक्ष
ने स्पष्ट कहा कि जब तक लेखाधिकारी को जौनपुर से स्थानांतरित नहीं किया जाएगा, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
ठेकेदार संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि लेखाधिकारी के खिलाफ पूर्व में कई बार मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और उनका तबादला भी किया गया था, लेकिन कथित तौर पर प्रभाव और सिफारिश के माध्यम से वे दोबारा जौनपुर में ही अपनी तैनाती करा लेते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले पीडब्ल्यूडी कार्यालय के अंदर घुसकर दो विधायकों के खास रजनीश सिंह और गुड्डू प्रधान द्वारा हंगामा और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जिसके बाद विभागीय माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है।
फिलहाल पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, वहीं ठेकेदार संगठन अपनी मांगों पर अडिग नजर आ रहा है।

बाक्स

फिलहाल सत्ता पक्ष की हो रही है किरकिरी
जौनपुर। जिले के लोक निर्माण विभाग के सबसे अहम कार्यालय में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के साथ कमरे में बंद करके की गई पिटाई के मामले से पुलिस ने भले ही दोनों पक्ष का मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम से सत्ता पक्ष की खासी किरकिरी हो रही है।
इससे प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर भी लोग सवालिया निशान उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार को लेकर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इस तरह से मारपीट की घटनाएं होंगी तो आम समाज में सत्ता पक्ष के लोग क्या संदेश देंगे।

About Author