Jaunpur news भाजपा का सपा पर हमला: “अखिलेश यादव ने बाबा साहेब का किया अपमान” – पुष्पराज सिंह
भाजपा का सपा पर हमला: “अखिलेश यादव ने बाबा साहेब का किया अपमान” – पुष्पराज सिंह
Jaunpur news जौनपुर: समाजवादी पार्टी द्वारा एक बैठक के पोस्टर में अखिलेश यादव और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरों को आधा-आधा जोड़कर प्रकाशित किए जाने पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। जिलाधिकारी कार्यालय पर भाजपा ने जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया और सपा पर बाबा साहेब का अपमान करने का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि “यह अत्यंत निंदनीय है कि समाजवादी पार्टी ने पोस्टर में डॉ. आंबेडकर की आधी तस्वीर के साथ अखिलेश यादव की आधी तस्वीर लगाकर उन्हें बाबा साहेब के समकक्ष दिखाने का प्रयास किया। यह सीधे-सीधे बाबा साहेब का अपमान है, जिसे भाजपा कभी स्वीकार नहीं करेगी।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में कई बार दलित महापुरुषों का अपमान किया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “कन्नौज मेडिकल कॉलेज से डॉ. आंबेडकर का नाम हटाया गया, भीमनगर का नाम बदलकर सम्भल कर दिया गया, रमाबाई नगर को कानपुर देहात, रविदास नगर को भदोही और प्रबुद्ध नगर को हापुड़ में बदल दिया गया। इससे स्पष्ट होता है कि दलित संतों और महापुरुषों के प्रति समाजवादी पार्टी की सोच क्या है।”
पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, “सपा हमेशा से दलित विरोधी रही है। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार के मामले सबसे अधिक सामने आए। अखिलेश यादव बाबा साहेब के समकक्ष तो दूर, उनके चरणों की धूल भी नहीं हैं।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लखनऊ के ‘डॉ. भीमराव आंबेडकर ग्रीन गार्डेन’ का नाम बदलकर ‘जनेश्वर मिश्रा पार्क’ कर दिया गया, जबकि जनेश्वर मिश्र के लिए अलग पार्क बनाया जा सकता था। “यह केवल बाबा साहेब का अपमान करने की मानसिकता को दर्शाता है,” उन्होंने कहा।
भाजपा नेताओं ने 6 सितंबर 2016 की एक घटना का भी हवाला दिया, जब गाजियाबाद में हज हाउस के उद्घाटन के दौरान मंच पर मौजूद मंत्री आजम खान द्वारा डॉ. आंबेडकर पर की गई टिप्पणी पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया को लेकर नाराजगी जताई गई।
मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने कहा, “अखिलेश यादव ने हर कदम पर बाबा साहेब और दलित समाज का अपमान किया है, और अब वे स्वयं को उनके समकक्ष दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जो बेहद आपत्तिजनक है। उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए।”
कार्यक्रम में सरस गौड़, श्याम मोहन अग्रवाल, नरेन्द्र उपाध्याय, रागिनी सिंह, अनिल गुप्ता, अजय सरोज, नदलाल यादव, कृष्ण कुमार जायसवाल, विकास शर्मा, कमलेश निषाद, सारिका सोनी आदि वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से जिला महामंत्री सुशील मिश्र और पूर्व नगर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर विपिन द्विवेदी, विष्णु प्रताप सिंह, दिव्यांशु सिंह, नीरज मौर्य, सीमा तिवारी, आयुष अस्थाना सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
