Jaunpur news चारपाई पर सो रहे दो वर्षीय मासूम को सांप ने डसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
चारपाई पर सो रहे दो वर्षीय मासूम को सांप ने डसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
जौनपुर। जाफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में सांप के डंसने से एक दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अहमदपुर गांव निवासी सुजीत कुमार निषाद का दो वर्षीय पुत्र रविवार रात भोजन और दूध पीने के बाद घर में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीला सांप चारपाई पर पहुंच गया और मासूम को डंस लिया। परिजनों की नजर पड़ते ही सांप तेजी से वहां से निकल गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।
