Jaunpur news एसपी यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, परेड में जवानों के अनुशासन और वर्दी का लिया जायजा
जौनपुर में एसपी यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, परेड में जवानों के अनुशासन और वर्दी का लिया जायजा
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस जवानों की कार्यक्षमता, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का जायजा लिया। उन्होंने परेड की सलामी लेने के बाद पुलिसकर्मियों का निरीक्षण किया और बेहतर कार्यशैली बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने जवानों की वर्दी, टर्नआउट और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को साफ-सुथरी वर्दी पहनने के साथ नियमित व्यायाम और ड्रिल के माध्यम से खुद को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रखने की हिदायत दी।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, सरकारी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा विभागीय कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया।
एसपी ने यूपी-112 के वाहनों की स्थिति भी परखी। इस दौरान वाहनों की स्वच्छता, रखरखाव और उनमें मौजूद आपातकालीन उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यूपी-112 कर्मियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात सूचना पर बिना देरी किए मौके पर पहुंचें और पीड़ितों व आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करें।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम के माध्यम से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी।
