Jaunpur news इंदिरा गांधी और पूर्व विधायक तेज बहादुर सिंह को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, पुण्यतिथि पर किया नमन

IMG-20261031-WA0033
Share

इंदिरा गांधी और पूर्व विधायक तेज बहादुर सिंह को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, पुण्यतिथि पर किया नमन
जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू के नेतृत्व में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेसजन

जौनपुर। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं जनपद रारी विधानसभा के पूर्व विधायक स्वर्गीय तेज बहादुर सिंह की पुण्यतिथि पर शनिवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू के नेतृत्व में किया गया। सभा में वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के देश के प्रति योगदान, उनके साहसिक नेतृत्व और ऐतिहासिक निर्णयों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। उनका राजनीतिक जीवन संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। देश के विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत पहचान स्थापित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

वहीं, पूर्व विधायक स्वर्गीय तेज बहादुर सिंह को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सार्वजनिक जीवन और सामाजिक सरोकार हमेशा याद किए जाते रहेंगे। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से कांग्रेसजनों ने उनके विचारों और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर सिंह, छोटे लाल यादव, पूर्व कलेक्ट्रेट बार अध्यक्ष मनोज मिश्रा, लाल बहादुर यादव, प्रमोद मिश्रा, विजय बहादुर सिंह, राजकुमार निषाद, अखिलेश यादव, शशांक तिवारी, अली अंसारी सब्बल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।