Jaunpur news जौनपुर के सिपाह मोहल्ले में कैंडल मार्च, ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या के विरोध में लोगों ने जताया रोष
जौनपुर के सिपाह मोहल्ले में कैंडल मार्च, ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या के विरोध में लोगों ने जताया रोष
जौनपुर। शहर के सिपाह मोहल्ले में शनिवार की रात अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला। अंजुमन मासूमिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और विश्व में शांति व न्याय की मांग उठाई।
कैंडल मार्च इमामबाड़ा खां शाबान से शुरू हुआ और इमामबाड़ा वाजिबा बीबी होते हुए इमामबाड़ा नबी साहब तक पहुंचा। प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर नारेबाजी की और वैश्विक स्तर पर हो रही हिंसा और अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही।
कार्यक्रम में मौजूद शिया धर्मगुरु मौलाना तनवीर खान, मौलाना मेंहदी मिर्जापुरी और मौलाना वसी हसन ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया में शांति, इंसाफ और मानवता की रक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों की जान लेना किसी भी हाल में उचित नहीं है और ऐसे घटनाक्रमों से वैश्विक शांति को खतरा पैदा होता है।
मौलाना वसी हसन ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह सय्यद अली खामनेई ने हमेशा न्याय और सच्चाई की बात की। उनके विचारों और संघर्ष को दुनिया भर में याद किया जाएगा। वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से शांति और न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील भी की।
इस अवसर पर अंजुमन मासूमिया के सदर इरफान आजमी, वली हैदर मजहर, अख्तर अंसारी (अंजुमन मोहम्मदिया अहले सुन्नत), मैसर हुसैन, सभासद अलमास अहमद सिद्दीकी, अयान अली, ओसामा खान, हैदर रजा, नजमी हैदर, अलमान खान, मोहम्मद महफूज खान, फराज हुसैन, अधिवक्ता जैगम, अहसन खान, परवेज हसन, जमान खान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
