February 28, 2026

Jaunpur news गभीरन बाजार में परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमला, एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

Share


गभीरन बाजार में परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमला, एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
जौनपुर। जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत गभीरन बाजार में हाईस्कूल की परीक्षा देकर घर लौट रहे एक छात्र पर कुछ युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के मोमिनपुर मुडैला गांव निवासी अशोक कुमार सोनकर का 16 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार सोनकर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे परीक्षा देकर अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि गभीरन बाजार के समीप पहले से मौजूद 7-8 युवकों ने उसे रोक लिया और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र को लात-घूंसों और डंडों से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमलावरों के मौके से फरार होने के बाद स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया।
शनिवार को परिजनों ने खुटहन थाने में नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About Author