Jaunpur news मछलीशहर में उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) की शैक्षिक संगोष्ठी सम्पन्न, शिक्षकों के अधिकार और पेंशन बहाली पर मंथन
मछलीशहर में उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) की शैक्षिक संगोष्ठी सम्पन्न, शिक्षकों के अधिकार और पेंशन बहाली पर मंथन
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) जौनपुर की तहसील स्तरीय शैक्षिक संगोष्ठी शनिवार को मछलीशहर स्थित प्रतिभा डिजिटल लाइब्रेरी, बरईपार रोड पर सफलतापूर्वक आयोजित की गई। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता, शिक्षक हितों और संगठनात्मक मजबूती पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षक सुरेश कुमार (गंगादीन रामकुमार इंटर कॉलेज, बरावां बंधवा) ने की। मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष राज केशर यादव और कार्यकारी जिलाध्यक्ष रितेश कुमार उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र यादव ने शिक्षकों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक ईमानदारी और निष्ठा के साथ समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहे हैं। उन्होंने शिक्षण संस्थानों को निजीकरण से बचाने पर जोर देते हुए कहा कि “कक्षा में बेहतर शिक्षण और अधिकारों की लड़ाई” ही शिक्षकों के सम्मान, स्वाभिमान और सेवा सुरक्षा की असली गारंटी है।
जिलाध्यक्ष राज केशर यादव ने कहा कि संगठन के सतत संघर्ष के चलते ही एनपीएस और यूपीएस का मुद्दा अंततः पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में जाएगा। वहीं कार्यकारी जिलाध्यक्ष रितेश कुमार ने पुरानी पेंशन बहाली, राजकीय कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सेवा सुरक्षा से जुड़ी धारा-21 को नए आयोग में शामिल कराने तथा निजीकरण के विरोध को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष की आवश्यकता बताई। उन्होंने आगामी शिक्षक विधान परिषद चुनाव में संघर्षशील प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील भी की।
पूर्व जिला मंत्री शैलेंद्र सरोज ने शिक्षकों से संगठन के संघर्षशील प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट होने का आह्वान किया। जिला कोषाध्यक्ष रामनारायण बिन्द ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2018 में कई स्थानांतरण संगठन के प्रयासों से निःशुल्क संभव हो सके। जिला संयुक्त मंत्री विजय प्रकाश गौतम ने अधिक से अधिक शिक्षकों से संगठन की सदस्यता लेने की अपील की।
संगोष्ठी में विभिन्न इंटर कॉलेजों से आए शिक्षक नेताओं एवं प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और संगठन को और सशक्त बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का आयोजन तहसील प्रभारी हौसला प्रसाद पाल, जिला कोषाध्यक्ष रामनारायण बिन्द एवं जिला संयुक्त मंत्री विजय प्रकाश गौतम के संयोजन में किया गया। संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष हौसला प्रसाद पाल ने किया।
अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन में सुरेश कुमार ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और उपस्थित शिक्षक साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगोष्ठी के समापन की घोषणा की।

