IMG-20261105-WA0066
Share

29334 गणित-विज्ञान शिक्षकों ने वरिष्ठता सूची पर जताई आपत्ति

साक्ष्य सहित बीएसए को सौंपा ज्ञापन, न्यायोचित वरिष्ठता निर्धारण की मांग

जौनपुर । जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा तीन नवंबर 2026 को जारी उच्च प्राथमिक विद्यालयों की अनंतिम वरिष्ठता सूची में व्याप्त विसंगतियों को लेकर 29334 गणित-विज्ञान सीधी भर्ती के शिक्षकों ने बुधवार को साक्ष्य सहित आपत्ति पत्र सौंपा। शिक्षकों ने सूची में वरिष्ठता निर्धारण के नियमों का पालन सुनिश्चित करने और न्यायोचित व्यवस्था लागू करने की मांग की।

शिक्षकों का कहना है कि वरिष्ठता का निर्धारण संबंधित संवर्ग में नियुक्ति की तिथि के आधार पर किया जाना चाहिए, न कि किसी दूसरे संवर्ग में हुई प्रथम नियुक्ति के आधार पर। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 से उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत 29334 गणित-विज्ञान भर्ती के शिक्षकों को वर्ष 2016 में प्राथमिक विद्यालयों से पदोन्नति प्राप्त कर उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आए शिक्षकों से नीचे रखना नियमों के विपरीत है।

प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए से मांग की कि वरिष्ठता सूची में पदोन्नति एवं सीधी भर्ती का चक्रानुक्रम लागू किया जाए। इसके तहत क्रम संख्या एक पर पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों तथा क्रम संख्या दो पर 29334 सीधी भर्ती के शिक्षकों को समन्वित करते हुए वरिष्ठता का न्यायोचित निर्धारण किया जाए। शिक्षकों ने कहा कि सूची में मौजूद विसंगतियों का साक्ष्यों के आधार पर निराकरण कर संशोधित वरिष्ठता सूची जारी की जाए, जिससे संबंधित शिक्षकों को उनका अधिकार मिल सके।

इस अवसर पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक (बेसिक) महासभा के जिलाध्यक्ष इंदु प्रकाश यादव के नेतृत्व में पंकज सिंह, मनीष यादव, विनोद यादव, राजेश कुमार निषाद, राकेश कुमार यादव सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।