Jaunpur news कृष्णा स्कूल ऑफ नर्सिंग में युवाओं ने लिया विकसित भारत के निर्माण का संकल्प, डॉ. रॉबिन सिंह ने किया प्रेरित
कृष्णा स्कूल ऑफ नर्सिंग में युवाओं ने लिया विकसित भारत के निर्माण का संकल्प, डॉ. रॉबिन सिंह ने किया प्रेरित
जौनपुर। युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और देश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृष्णा स्कूल ऑफ नर्सिंग में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, जौनपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. रॉबिन सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना साकार करने में नौजवानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए भी करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नवाचार और सेवा भावना का होना जरूरी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही देश मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकता है। उन्होंने युवाओं से अपने कर्तव्यों को समझने और सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने की अपील की।
इस दौरान यूथ आइकॉन आशीष सोनी ने युवाओं को एसआईआर (SIR) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इसकी प्रक्रिया और उपयोगिता समझाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन माय भारत वॉलंटियर सुमित सिंह ने किया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन सहायक अध्यापिका चांदनी असलम ने प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर कृष्णा स्कूल ऑफ नर्सिंग के मैनेजर पवन सिंह, प्रदीप मौर्य, स्नेहा मिश्रा, उत्कर्ष तिवारी, रॉबिन यादव, अंगद यादव सहित संस्थान के शिक्षक-कर्मचारी, माय भारत के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।

