Jaunpur news जौनपुर को मिली 3650 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, नितिन गडकरी ने 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
जौनपुर को मिली 3650 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, नितिन गडकरी ने 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। जनपद जौनपुर सहित आसपास के जिलों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में गुरुवार को बड़ा कदम उठाया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंगराबादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में 3650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से जौनपुर, प्रयागराज, रायबरेली और भदोही के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने 3210 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया। इनमें 1505 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 63 किलोमीटर लंबा रायबरेली-प्रयागराज फोरलेन मार्ग, 1078 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 24 किलोमीटर लंबा जगतपुर-बाबूगंज-ऊंचाहार-आलापुर फोरलेन बाईपास एवं पुल तथा 627 करोड़ रुपये की लागत से बना 49 किलोमीटर लंबा मछलीशहर-जंघई-भदोही मार्ग शामिल है।
इसके अलावा करीब 400 करोड़ रुपये की पांच नई परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। इनमें 198 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मुंगराबादशाहपुर बाईपास, 128 करोड़ रुपये की लागत से जौनपुर शहर में कुत्तूपुर तिराहे से सरायख्वाजा तक 12 किलोमीटर फोरलेन सड़क, 92 करोड़ रुपये की लागत से मड़ियाहूं रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज, 33 करोड़ रुपये से लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक पांच किलोमीटर फोरलेन मार्ग और 16 करोड़ रुपये की लागत से रामदयालगंज में सई नदी पर बनने वाला दो लेन का पुल शामिल है।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय करीब पांच लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसमें एक लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि तीन लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं विभिन्न प्रक्रियाओं में हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सड़क, बिजली, पानी और दूरसंचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। बेहतर आधारभूत संरचना से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कृषि और ऊर्जा के क्षेत्र में संभावनाओं का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता और ईंधनदाता बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। चावल और गन्ने से इथेनॉल एवं अन्य ऊर्जा उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक और सौर ऊर्जा जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आयात करने के बजाय ऊर्जा निर्यात करने वाला राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जौनपुर में रेलवे क्रॉसिंग की अधिकता के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना जनपद के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। रिंग रोड बनने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि मुंगराबादशाहपुर बाईपास का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने जनपद को करोड़ों रुपये की सड़क परियोजनाओं की सौगात देने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग कुंवर बृजेश सिंह, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू, पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, पूर्व सांसद बीपी सरोज, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुषमा पटेल, बाकेलाल सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, सत्येंद्र सिंह, कपिल मुनि वैश्य, अजय शंकर दूबे, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित तमाम जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
