Jaunpur news अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा जगदीशपुर-नेवादा सड़क मार्ग
अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा जगदीशपुर-नेवादा सड़क मार्ग।
-जर्जर टूटे फूटे सड़क पर गंदे जल-भराव के कारण राहगीरों एवं स्थानीयजनों को आवागमन में उठानी पड़ रही भारी परेशानी।
-क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि भी सड़क को गढ्ढामुक्त कराने में नही ले रहे कोई रूचि।
जौनपुर। एक तरफ जहां सरकार के द्वारा सड़को को गड्ढा मुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के जगदीशपुर चौराहा से राजकीय पालिटेक्निक कालेज होते हुए नेवादा चौराहा को जाने वाला सड़क मार्ग सरकार के गढ्ढामुक्त अभियान को कई वर्षों से मुंह चिढ़ा रहा है। क्योंकि उक्त सड़क जगह-जगह टूट जाने के कारण सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गये है। सड़क में बने गड्ढे के कारण हल्की बरसात होते ही उक्त सड़क पानी से लबालब हो जाता है। सड़क पर भारी जल जमाव के कारण राहगीरों एवं स्थानीय जनों की स्थिति आवागमन को लेकर नारकीय बन जाता है। उक्त सड़क पर हमेशा जल जमाव रहता है जिसके कारण होने से पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी मुसीबत का सामना करना पड़ता है। इस जर्जर टूटे फूटे जल जमाव युक्त सड़क पर कब कौन गिरकर घायल हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। यहां तक कि जल निकासी के लिए जो सड़क के बगल में नालियां बनवाईं गयी है। वह भी सड़क से ऊॅची होने के कारण जल निकासी के अभाव में उक्त सड़क हमेशा झील में तब्दील रहता है जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क के आस-पास रहने वाले लोगों का बुरा हाल है उक्त भीषण जल जमाव के कारण अगल-बगल रहने वाले लोगों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा रहा है। बताया जाता है कि शासन-प्रशासन के साथ-साथ सांसद, विधायक के द्वारा इस समस्या के निवारण के लिए कोई कार्य नहीं किया जा रहा हैं जिससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान उक्त प्रकरण की ओर आकृष्ट कराते हुए जनहित में तत्काल जगह-जगह सड़क में हुए गड्ढों को ठीक करवाने की मांग की है।
