Jaunpur news लायंस क्लब जौनपुर गोमती ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया दीपावली महोत्सव
प्रेम, संवेदना और सेवा के दीपों से रोशन हुआ हर्षिता इंटरनेशनल दिव्यांग स्कूल
लायंस क्लब जौनपुर गोमती ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया दीपावली महोत्सव
जौनपुर। कहते हैं प्रेम की न कोई सीमा होती है और न ही कोई भाषा, प्रेम तो केवल हृदय से महसूस किया जाता है। इसी प्रेम, आत्मीयता और सेवा की भावना को चरितार्थ करते हुए लायंस क्लब जौनपुर गोमती द्वारा हर्षिता इंटरनेशनल दिव्यांग स्कूल में दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास एवं भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ आत्मीयता के पल बिताए, जो लंबे समय तक सभी के हृदय में स्मरणीय रहेंगे। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उनकी खुशियों ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर सुनील कश्यप ने दीपावली के उपहार स्वरूप बच्चों के बीच चॉकलेट एवं चिप्स वितरित किए। उनके इस स्नेहिल प्रयास ने बच्चों की खुशियों को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम संयोजक अशोक गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए क्लब के सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि ईश्वर हर किसी को नेक कार्य करने का अवसर प्रदान नहीं करता। कभी-कभी ईश्वर स्वयं जहां नहीं पहुंच पाते, वहां अपने दूतों को भेजकर सेवा का माध्यम बना देते हैं। ये बच्चे भले ही अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त न कर पाते हों, लेकिन इनके चेहरे की मुस्कान और आंखों की चमक प्रेम की भाषा को बखूबी बयां करती है।
उन्होंने कहा कि खुशियां बांटने के लिए किसी बड़े आयोजन की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि एक संवेदनशील हृदय और प्रेम से भरा व्यवहार ही किसी के जीवन में खुशियों के दीप जला सकता है।
क्लब अध्यक्ष लायन सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि लायंस क्लब जौनपुर गोमती सदैव समाज के जरूरतमंद एवं विशेष बच्चों के साथ खड़ा रहेगा। सेवा केवल सहायता करना नहीं, बल्कि किसी के जीवन में अपनत्व और सम्मान का एहसास कराना भी है।
कार्यक्रम में लायन शिवकुमार साहू, लायन आजम जैदी, लायन मोहम्मद आरिफ सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार, कार्यक्रम संयोजक अशोक गुप्ता, सुनील कश्यप एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
