August 25, 2026

Jaunpur news रक्षाबंधन पर यात्रियों से मनमाना किराया वसूला तो होगी कार्रवाई, वाहन चालकों के सत्यापन के निर्देश

Share


रक्षाबंधन पर यात्रियों से मनमाना किराया वसूला तो होगी कार्रवाई, वाहन चालकों के सत्यापन के निर्देश
जौनपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए परिवहन विभाग ने यात्री वाहनों के संचालन को लेकर बस और ऑटो-टेंपो संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली करने, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने पर रोक लगाने के साथ ही चालकों और परिचालकों का चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय, जौनपुर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अजीत सिंह की अध्यक्षता में बस ऑपरेटरों, उनके प्रतिनिधियों तथा ऑटो-टेंपो स्टैंड संचालकों के साथ बैठक हुई। बैठक में रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली संख्या और सुरक्षित आवागमन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान संचालित होने वाले यात्री वाहनों के चालक और परिचालक यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें। किसी भी यात्री से निर्धारित किराए से अधिक रकम न ली जाए और वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाई जाएं।
इसके अलावा चालकों को तेज रफ्तार में वाहन चलाने, गलत तरीके से ओवरटेक करने और शराब के नशे में वाहन चलाने से सख्ती से बचने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्टैंड संचालकों से यह भी कहा कि अपने यहां से संचालित यात्री वाहनों के चालकों और परिचालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से करा लें।
अधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनका सफर सुरक्षित रहे, इसके लिए नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

About Author