Jaunpur news विद्यालय प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह पर अवैध वसूली, धमकी और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप, पूर्व बीएसए डॉ. गौरखनाथ पटेल को भी बनाया अभियुक्त

Screenshot_2026-11-29-13-04-53-12_439a3fec0400f8974d35eed09a31f914
Share

विद्यालय प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह पर अवैध वसूली, धमकी और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप, पूर्व बीएसए डॉ. गौरखनाथ पटेल को भी बनाया अभियुक्त

जौनपुर। शाहगंज विकास खण्ड के जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अगूपुर कला में प्रबंधकीय विवाद गंभीर रूप लेता जा रहा है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत चार कर्मचारियों ने प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह पर अवैध रूप से धनराशि एवं खाद्यान्न मांगने, मांग पूरी न होने पर नौकरी से निकलवाने की धमकी देने और विरोध करने पर कथित रूप से फर्जी मुकदमे में फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है।

जिलाधिकारी जौनपुर को दिए गए शिकायती पत्र में प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह, सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार सिंह, लिपिक जय प्रकाश यादव एवं परिचारक अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि प्रबंधक द्वारा प्रधानाध्यापक से बीस हजार रुपये के साथ दो कुंतल चावल एवं दो कुंतल गेहूं, सहायक अध्यापक से बीस हजार रुपये, लिपिक से पंद्रह हजार रुपये तथा परिचारक से दस हजार रुपये की मांग की जा रही है। लिपिक से धनराशि मांगने के संबंध में बातचीत का वीडियो साक्ष्य भी सुरक्षित होने का दावा किया गया है।

कर्मचारियों के अनुसार, इससे पूर्व भी प्रबंधक पर धनराशि मांगने के आरोप में शिकायत की गई थी। मामले की जांच खण्ड शिक्षा अधिकारी रामपुर एवं खुटहन की संयुक्त समिति ने की थी। जांच के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 31 दिसंबर 2024 को वेतन भुगतान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए तथा कर्मचारियों के हित में एकल परिचालन की व्यवस्था लागू की गई। इसकी अवधि समय-समय पर बढ़ाई जाती रही।

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि 27 अक्टूबर 2026 को विद्यालय कार्यालय में हुई बातचीत के दौरान प्रबंधक ने धनराशि की मांग पूरी न करने पर नौकरी से निकलवाने, निलंबित कराने तथा विद्यालय में प्रवेश न करने देने की धमकी दी।

कर्मचारियों का एक और गंभीर आरोप है कि प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह ने धनराशि की मांग का विरोध करने पर दबाव बनाने और प्रताड़ित करने के उद्देश्य से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत कर कर्मचारियों को मुकदमे में घसीटा। इतना ही नहीं, पूर्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गौरखनाथ पटेल को भी कथित तौर पर फर्जी तरीके से अभियुक्त बना दिया गया। कर्मचारियों ने इसे प्रतिशोध की भावना से की गई कार्रवाई बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले का एक और गंभीर पहलू विद्यालय के एक कक्ष पर कथित जबरन कब्जे का है। कर्मचारियों का कहना है कि प्रबंधक द्वारा कक्ष पर कब्जा किए जाने के कारण छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं को कक्षाओं के बजाय बरामदे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। इससे बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा प्रभावित हो रही है। इस संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी शाहगंज एवं उपजिलाधिकारी शाहगंज की जांच आख्या भी जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के साथ संलग्न की गई है।

चारों कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर प्रबंधक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण में कार्य करने की सुरक्षा प्रदान करने तथा विद्यालय के कब्जे वाले कक्ष को खाली कराकर सुचारु शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है।