August 25, 2026

Jaunpur news तकनीक-सक्षम और छात्र-केंद्रित विश्वविद्यालय बनाने की प्राथमिकता : प्रो. राकेश कुमार सिंह

Share

तकनीक-सक्षम और छात्र-केंद्रित विश्वविद्यालय बनाने की प्राथमिकता : प्रो. राकेश कुमार सिंह

इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय से पूर्वांचल विश्वविद्यालय आये हैं राकेश

जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान कुलपति प्रो. वंदना सिंह से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने पर विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से जुड़े प्रो. राकेश कुमार सिंह उच्च शिक्षा प्रशासन में कुलसचिव, परीक्षा, छात्र कल्याण तथा योजना एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वह इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय से पूर्वांचल विश्वविद्यालय आए हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विश्वविद्यालय को तकनीक-सक्षम, पारदर्शी, जवाबदेह और विद्यार्थी-केंद्रित उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करना है। पढ़ाई, परीक्षा, परिणाम, प्रवेश, शोध, छात्र सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय पूर्वांचल क्षेत्र में उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ मजबूत डिजिटल प्रशासनिक ढांचा विकसित किया जाएगा। इंटरनेट और सुरक्षा जैसी बुनियादी छात्र सुविधाओं की लगातार निगरानी होगी तथा विद्यार्थियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संवाद के माध्यम से उनका समाधान किया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की विकास यात्रा में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, शोधार्थी और संबद्ध महाविद्यालय सभी सहभागी होंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मुक्तांगन परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

About Author