Jaunpur news डीबीटी की ₹1200 धनराशि से बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे व स्टेशनरी खरीदने की अपील
डेडूवाना के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक बैठक
डीबीटी की ₹1200 धनराशि से बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे व स्टेशनरी खरीदने की अपील
केराकत, जौनपुर।
पी.एम. श्री प्राथमिक विद्यालय डेडूवाना में शनिवार को प्रधानाध्यापक संतोष राजभर के संयोजन में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया और बच्चों की शिक्षा, नियमित उपस्थिति तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानाध्यापक संतोष राजभर ने बताया कि जिलाधिकारी जौनपुर के निर्देश पर बैठक का उद्देश्य डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से अभिभावकों के खातों में भेजी गई ₹1200 की धनराशि के उचित उपयोग को सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि उक्त धनराशि से बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, स्टेशनरी, जूते, मोजे और स्वेटर अवश्य खरीदें, ताकि विद्यार्थियों को विद्यालय आने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने अभिभावकों से लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। बैठक में सत्र परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
इस दौरान मध्यान्ह भोजन योजना की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन प्रार्थना सभा में किसी न किसी समाचार पत्र का वाचन कराने का निर्णय लिया गया। उपस्थित अभिभावकों ने भी समाचार पत्र के नियमित वाचन को बच्चों के ज्ञानवर्धन के लिए उपयोगी बताया।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि प्रमुख सचिव, बेसिक शिक्षा के निर्देशानुसार बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से दूर रखते हुए किताबों, पत्रिकाओं और समाचार पत्रों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे बच्चों की भाषा, सामान्य ज्ञान और पठन क्षमता का समग्र विकास होगा।
बैठक के अंत में अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने और विद्यालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की गई।
