August 22, 2026

Jaunpur news दो साल से तैयार जल टंकी, फिर भी ग्रामीणों को नहीं मिल रहा पानी

Share

दो साल से तैयार जल टंकी, फिर भी ग्रामीणों को नहीं मिल रहा पानी

जल जीवन मिशन की योजना पर सवाल, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से टंकी जल्द चालू कराने की उठाई मांग

जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा गौरा, गजेंद्रपुर, भेलूपुर और कृष्णापुर के ग्रामीणों के लिए बनाई गई जल जीवन मिशन की पानी की टंकी करीब दो साल से तैयार होने के बावजूद आज तक चालू नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जल जीवन मिशन के तहत बनी टंकी की ओर न तो संबंधित अधिकारियों ने गंभीरता से ध्यान दिया और न ही जनप्रतिनिधियों ने इसकी सुध ली।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले टंकी का निर्माण कार्य पूरा हो गया था। इसके बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही घरों तक पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल पहुंचने लगेगा, लेकिन लंबे समय बाद भी टंकी से जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। गांव में ऐसे भी कई परिवार हैं, जिनके घरों में हैंडपंप की सुविधा नहीं है। ये परिवार टंकी के चालू होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें पीने के पानी के लिए राहत मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि टंकी के भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रमेश मिश्रा भी पहुंचे थे। इसके बावजूद योजना अभी तक पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर सकी है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब करोड़ों रुपये की लागत से योजनाएं बनाई जा रही हैं तो उनका लाभ लोगों तक पहुंचाना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पहले प्रदेश सरकार की ओर से विधायकों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को हैंडपंप उपलब्ध कराने की व्यवस्था थी, लेकिन अब यह व्यवस्था बंद होने से परेशानी और बढ़ गई है। यदि किसी गरीब परिवार के घर हैंडपंप नहीं है या पुराना हैंडपंप खराब हो गया है तो नया हैंडपंप लगवाने में करीब 35 से 40 हजार रुपये तक का खर्च आ सकता है, जो हर परिवार के लिए संभव नहीं है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जल निगम के संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले का संज्ञान लेकर टंकी और जलापूर्ति व्यवस्था की जांच कराने तथा जल्द से जल्द पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल जीवन मिशन के तहत बनी टंकी चालू हो जाती है तो उन परिवारों को सबसे अधिक राहत मिलेगी, जिनके पास आज भी पेयजल का स्थायी साधन उपलब्ध नहीं है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे संबंधित अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या को प्रमुखता से उठाएंगे। इस मौके पर पूर्व प्रधान ध्रुवराज सिंह ,आशीष सिंह, रिंकू सिंह, राजेश सिंह, निर्भय तिवारी, नीलेश सिंह मानिकलाल खरवार मौजूद रहे।

About Author