August 22, 2026

Jaunpur news चीनी के गोदामों पर खाद्य विभाग की सख्त निगरानी, छह कारोबारियों के स्टॉक की जांच

Share


चीनी के गोदामों पर खाद्य विभाग की सख्त निगरानी, छह कारोबारियों के स्टॉक की जांच
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर खाद्य एवं रसद विभाग ने शनिवार को जिले में चीनी के थोक व्यापारियों और डीलरों के खिलाफ स्टॉक जांच अभियान चलाया। अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने सदर, शाहगंज और मड़ियाहूं तहसील क्षेत्रों में पहुंचकर गोदामों में रखी चीनी की मात्रा का भौतिक सत्यापन किया।
जिला मुख्यालय पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित द्विवेदी और जिला पूर्ति अधिकारी ने संयुक्त रूप से कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। वहीं शाहगंज में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक तथा रामपुर क्षेत्र में विपणन निरीक्षक और पूर्ति निरीक्षक की टीम ने जांच की।
निरीक्षण के दौरान रसूलाबाद स्थित अशोक अग्रवाल एंड सन्स के यहां 800 क्विंटल, गल्ला मंडी स्थित श्री श्याम स्टोर में 650 क्विंटल और बाबू राम दिनेश कुमार के यहां 500 क्विंटल चीनी मिली। इसके अलावा शाहगंज के कलेक्टरगंज में लक्ष्मी ट्रेडर्स के यहां 150 क्विंटल तथा देवेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह के यहां 243 क्विंटल स्टॉक पाया गया। रामपुर नगर पंचायत के मेन रोड स्थित मेसर्स मनीष ट्रेडर्स के गोदाम में 600 क्विंटल चीनी मिली।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जांच किए गए सभी प्रतिष्ठानों में चीनी का स्टॉक केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 4000 क्विंटल की सीमा के भीतर पाया गया। किसी भी व्यापारी के यहां निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण नहीं मिला।
अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को निर्देश दिया कि चीनी के स्टॉक का विवरण खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं और प्रत्येक शुक्रवार को स्टॉक की स्थिति ऑनलाइन अपडेट करें। इसके साथ ही चीनी को 30 दिनों से अधिक समय तक गोदाम में जमा करके नहीं रखने की हिदायत दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई व्यापारी निर्धारित स्टॉक सीमा का उल्लंघन करता है या भंडारण संबंधी नियमों की अनदेखी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

About Author