Jaunpur news दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन लूट, बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती
इशरत हुसैन की रिपोर्ट
जौनपुर में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन लूट, बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती
जौनपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। तारापुर कॉलोनी सेक्टर-11 में मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, गोमती नगर कॉलोनी कटघरा निवासी दवा व्यवसायी मोहित कुमार उपाध्याय की पत्नी स्वीटी उपाध्याय अन्य महिलाओं के साथ मंदिर से लौट रही थीं। दोपहर करीब 12:30 बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और पलक झपकते ही गले से सोने की चेन छीनकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह, चौकी प्रभारी राहुल रंजन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
गौरतलब है कि करीब 20 दिन पहले भी कोतवाली क्षेत्र के ताड़तला मोहल्ले में एक सर्राफा व्यापारी की पत्नी से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली थी। उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
