Jaunpur news साइबर ठगी के दो पीड़ितों को मिली राहत, केराकत पुलिस ने वापस कराए 11,817 रुपये

IMG-20261112-WA0084
Share

साइबर ठगी के दो पीड़ितों को मिली राहत, केराकत पुलिस ने वापस कराए 11,817 रुपये
जौनपुर। साइबर अपराधियों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवाने वाले दो लोगों को केराकत पुलिस की सक्रियता से राहत मिली है। पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पीड़ितों के बैंक खातों में कुल 11,817 रुपये की धनराशि वापस कराई है।
पुलिस के अनुसार, केराकत थाना क्षेत्र के कुसैला गांव निवासी सर्वेन्द्र कुमार मौर्य के बैंक खाते से साइबर धोखाधड़ी के जरिए 5,000 रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि वापस करा दी।

इसी तरह केराकत कस्बा निवासी शाहआलम मोहम्मद युसुफ भी साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। उनके खाते से धोखाधड़ी कर 6,817 रुपये की रकम निकाल ली गई थी। उन्होंने भी साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम वापस दिलाई।
दोनों मामलों में साइबर पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर संबंधित धनराशि को होल्ड कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों के खातों में कुल 11,817 रुपये वापस कराए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध राजेश मिश्रा, कंप्यूटर ऑपरेटर कमलापति, हेड कांस्टेबल विजय यादव और महिला कांस्टेबल आयुषी यादव शामिल रहीं।